अमेरिका की चेतावनियों और ट्रंप की धमकियों के बावजूद भारत और रूस की दोस्ती और गहरी होती दिख रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रूस भारत को न केवल अतिरिक्त S-400 मिसाइल सिस्टम देगा बल्कि तेल खरीद पर और बड़ा डिस्काउंट भी ऑफर करेगा।
S-400 डील में नई डिलीवरी की तैयारी
रूसी अधिकारी दिमित्री शुगैव ने TASS एजेंसी को बताया कि भारत पहले ही तीन S-400 सिस्टम ले चुका है। शुगैव ने संकेत दिया कि बाकी दो सिस्टम की डिलीवरी भी तय है और यह 2026-27 तक भारत को मिल सकती है।
भारत ने 2018 में 5.5 बिलियन डॉलर में पांच S-400 मिसाइल सिस्टम का सौदा किया था। हालांकि, डिलीवरी में कई बार देरी हुई।
पाकिस्तान के खिलाफ S-400 की अहम भूमिका
मई में पाकिस्तान के साथ तनाव के दौरान S-400 ने अहम भूमिका निभाई थी। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना ने 7 मई को पाकिस्तान में घुसकर आतंकवादी ठिकानों पर निशाना साधा था, जिसमें इस सिस्टम का इस्तेमाल हुआ।
रूस देगा तेल पर बड़ा डिस्काउंट
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, रूस भारत को तेल खरीद पर पहले से ज्यादा छूट देने की तैयारी कर रहा है। अब भारत के लिए रूसी यूराल कच्चा तेल ब्रेंट की तुलना में 3-4 डॉलर प्रति बैरल सस्ता मिल सकता है।
जुलाई में यह छूट केवल 1 डॉलर थी, जो अब लगातार बढ़ रही है।
ट्रंप का विरोध और अतिरिक्त टैरिफ
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर रूसी तेल खरीदने को लेकर दबाव बनाया है। शुरुआती 25% टैरिफ लगाने के बाद अमेरिका ने अब अतिरिक्त 25% टैरिफ की घोषणा भी कर दी है। इसके बावजूद भारत ने रूस के साथ रणनीतिक साझेदारी बनाए रखी है।



