नेपाल में बिगड़ते हालात: भारतीयों पर हमले, महिला ने सुनाई रोंगटे खड़े कर देने वाली दास्तान

नेपाल में हिंसक प्रदर्शनों के बीच भारतीय नागरिकों पर हमले, भारत सरकार ने जारी की एडवाइजरी

Nepal Crisis Attacks On Indians Travel Advisory
Nepal Crisis Attacks On Indians Travel Advisory (PC: BBN24/Social Media)

नेपाल में राजनीतिक संकट और सरकार विरोधी प्रदर्शनों के बीच भारतीय नागरिकों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है। भारत सरकार ने हालात को देखते हुए अपने नागरिकों को नेपाल की यात्रा स्थगित करने की एडवाइजरी जारी की है।

महिला ने बताया – “भीड़ लाठियां लेकर मेरे पीछे दौड़ पड़ी”

उपासना गिल नामक महिला का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें उन्होंने दावा किया कि पोखरा में उनके होटल को आग के हवाले कर दिया गया और भीड़ उनके पीछे लाठियां लेकर दौड़ पड़ी। वह मुश्किल से अपनी जान बचाकर बाहर निकलीं।

उन्होंने कहा, “मैं यहां वॉलीबॉल लीग के आयोजन के लिए आई थी। होटल जल गया, मेरा पूरा सामान वहीं रह गया। प्रदर्शनकारी अब पर्यटकों को भी निशाना बना रहे हैं।”

“सड़कों पर हर जगह आग, पर्यटकों को भी नहीं छोड़ रहे”

गिल ने आगे कहा कि हालात बेहद खराब हैं। प्रदर्शनकारियों ने सड़कों पर आगजनी कर दी है और किसी की भी सुरक्षा की परवाह नहीं की जा रही। उन्होंने भारतीय दूतावास से तुरंत मदद की गुहार लगाई।

भारत सरकार की एडवाइजरी

भारत के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि वह नेपाल की स्थिति पर करीबी नजर रख रहा है। मंत्रालय ने भारतीय नागरिकों को सावधानी बरतने और नेपाल में लागू कर्फ्यू तथा स्थानीय सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।

बयान में कहा गया है कि “भारतीय नागरिक अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और दूतावास की सलाह का पालन करें।”

नेपाल में फंसे भारतीयों की चिंता

सूत्रों के अनुसार, केवल केरल से ही 40 से अधिक भारतीय नेपाल में फंसे हो सकते हैं। भारतीय दूतावास लगातार उनसे संपर्क में है और मदद की कोशिशें जारी हैं।

Share This Article
Exit mobile version