कोलकाता एयरपोर्ट पर गिरी आकाशीय बिजली, अमीरात विमान के पास काम कर रहे दो कर्मचारी घायल

Kolkata Airport Lightning Strike Ground Staff Injured Yellow Alert South Bengal
Kolkata Airport Lightning Strike Ground Staff Injured Yellow Alert South Bengal (PC: BBN24/Social Media)

Kolkata Airport: कोलकाता हवाई अड्डे पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब रनवे पर खड़े एक विमान के पास अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। इस घटना में दो ग्राउंड स्टाफ कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों कर्मचारियों को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी चिकित्सा केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, घटना उस समय हुई जब अमीरात एयरलाइंस की एक फ्लाइट लैंड कर चुकी थी और ग्राउंड स्टाफ विमान से यात्रियों का सामान उतारने में जुटे थे। इसी दौरान तेज गरज के साथ बिजली गिरी और दोनों कर्मचारी उसकी चपेट में आ गए। राहत की बात यह रही कि विमान और यात्रियों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।

दक्षिण बंगाल में मौसम का कहर

इस बीच अलीपुर मौसम विभाग ने कोलकाता समेत पूरे दक्षिण बंगाल में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने कोलकाता सहित दक्षिण बंगाल के 10 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, सप्ताहांत के दौरान बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं। शनिवार और रविवार को कई इलाकों में भारी बारिश और गरज-चमक की संभावना है, जबकि यह सिलसिला अगले सप्ताह मंगलवार तक जारी रह सकता है।

जलमग्न हुईं शहर की कई सड़कें

लगातार हो रही बारिश के कारण कोलकाता के कई निचले इलाकों में जलजमाव की समस्या शुरू हो गई है। कई प्रमुख सड़कों पर पानी भरने से यातायात प्रभावित हुआ है और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थिति से निपटने के लिए कोलकाता नगर निगम ने विशेष कंट्रोल रूम सक्रिय कर दिया है। शहर के सभी ड्रेनेज पंपिंग स्टेशनों को हाई अलर्ट पर रखा गया है और अधिकारियों की टीम सीसीटीवी तथा ग्राउंड रिपोर्ट के जरिए हालात पर लगातार नजर रख रही है।

लोगों को सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की अपील की है। साथ ही जरूरत पड़ने पर ही घरों से बाहर निकलने की सलाह दी गई है, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।

Share This Article
Exit mobile version