Nainital Road Accident: उत्तराखंड के नैनीताल जिले में गुरुवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. लखनऊ से कैंचीधाम जा रहा एक परिवार भवाली क्षेत्र में हादसे का शिकार हो गया, जहां उनकी कार करीब 500 मीटर गहरी खाई में गिर गई. इस हादसे में एक ही परिवार के चार सदस्यों समेत कुल पांच लोगों की मौत हो गई.
खाई में गिरते ही मची चीख-पुकार
जानकारी के मुताबिक हादसा भवाली क्षेत्र के सैनेटोरियम-रातीघाट बाइपास मार्ग पर ढैला गांव के पास हुआ. बताया जा रहा है कि कार अचानक अनियंत्रित हो गई और गहरी खाई में जा गिरी.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया.
#WATCH | Uttarakhand: Today, a road accident occurred in the Bhawali Bypass area of Nainital, where a car plunged into a deep gorge, resulting in the death of five people. Upon receiving the information, the SDRF Uttarakhand team immediately rushed to the spot and carried out a… pic.twitter.com/6v7biuQMLP— ANI (@ANI) May 21, 2026
चुनौतीपूर्ण रहा रेस्क्यू ऑपरेशन
नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी ने बताया कि दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण राहत और बचाव कार्य काफी चुनौतीपूर्ण रहा. टीम ने कठिन परिस्थितियों में सभी लोगों को खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने पांचों को मृत घोषित कर दिया.
मृतकों की हुई पहचान
पुलिस के अनुसार हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान भूपेंद्र सिंह चुफाल (48), सीमा कैड़ा चुफाल (45), वासू चुफाल (19), रवि चुफाल (12) और वाहन चालक अनुज कुमार मिश्रा (34) के रूप में हुई है.
बताया जा रहा है कि परिवार कैंचीधाम दर्शन के लिए जा रहा था.
सीएम धामी ने जताया दुख
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने हादसे पर गहरा दुख जताया है. उन्होंने जिला प्रशासन को तेजी से राहत और बचाव कार्य करने के निर्देश दिए थे. मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना भी प्रकट की.
सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वह कैंचीधाम के लिए प्रस्तावित बाइपास मार्ग का हिस्सा है, जहां निर्माण कार्य अभी भी जारी है. लोगों ने आरोप लगाया कि कई जगहों पर सुरक्षा इंतजाम पर्याप्त नहीं हैं और तीखे मोड़ों पर अतिरिक्त सावधानी की जरूरत है.
बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुई कार महिंद्रा कंपनी की इलेक्ट्रिक गाड़ी थी.

