जीएसटी काउंसिल ने इलेक्ट्रॉनिक सामानों पर बड़ा फैसला लेते हुए टैक्स स्ट्रक्चर को सरल बना दिया है। अब सिर्फ दो स्लैब — 5% और 18% रहेंगे। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने घोषणा की कि ये बदलाव 22 सितंबर से लागू होंगे।
किन प्रोडक्ट्स पर मिलेगा फायदा?
इस फैसले के बाद घर-घर में इस्तेमाल होने वाले कई इलेक्ट्रॉनिक सामान सस्ते हो जाएंगे।
- एयर कंडीशनर (AC) और डिशवॉशर पर जीएसटी 28% से घटाकर 18% कर दिया गया है।
- रिपोर्ट्स के अनुसार, एसी की कीमतों में ₹1,500 से ₹2,500 तक की कमी आ सकती है।
- टेलीविजन (LCD/LED TV), मॉनिटर, प्रोजेक्टर और सेट-टॉप बॉक्स पर भी जीएसटी घटाकर 18% कर दिया गया है।
मोबाइल और लैपटॉप खरीददारों को झटका
जहां टीवी और एसी की कीमतें घटेंगी, वहीं मोबाइल फोन और लैपटॉप खरीददारों को कोई राहत नहीं मिली है। इन प्रोडक्ट्स पर जीएसटी पहले की तरह 18% ही रहेगा। यानी स्मार्टफोन और लैपटॉप की कीमतों में कोई बदलाव नहीं होगा।
उपभोक्ताओं के लिए क्या मायने रखता है ये बदलाव?
जीएसटी काउंसिल का यह कदम उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स मार्केट को बढ़ावा देने वाला माना जा रहा है। महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामान अब आम लोगों की पहुंच में आएंगे, जिससे फेस्टिव सीजन में बिक्री बढ़ने की उम्मीद है।



