चेन्नई के एन्नोर थर्मल पावर स्टेशन में मंगलवार शाम बड़ा हादसा हो गया। पावर प्लांट की नई साइट पर काम कर रहे मजदूर अचानक मचान ढहने से करीब 30 फीट नीचे गिर गए। इस हादसे में 9 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत पास के स्टेनली अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने 9 को मृत घोषित कर दिया और एक मजदूर का इलाज जारी है।
मौके पर मचा हड़कंप, जारी है राहत-बचाव अभियान
हादसे की सूचना मिलते ही पावर प्लांट के अधिकारी और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार, मचान गिरने का सही कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। अवाडी पुलिस कमिश्नर ने बताया कि राहत और बचाव कार्य जारी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
राज्य का अहम बिजली संयंत्र, हादसे से दहशत
एन्नोर थर्मल पावर प्लांट 1970 में स्थापित हुआ था और इसकी क्षमता 450 मेगावाट है। यह TANGEDCO के तहत राज्य की बिजली आपूर्ति का बड़ा स्तंभ रहा है। वर्तमान में यहां सुपरक्रिटिकल थर्मल पावर प्रोजेक्ट का निर्माण कार्य चल रहा है, जो सितंबर 2026 तक पूरा होने की उम्मीद है।
9 प्रवासी मजदूरों की मौत, कई की हालत गंभीर
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मृतक सभी प्रवासी मजदूर बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मजदूरों में अफरा-तफरी का माहौल है। घटना ने पावर प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


