गुजरात: सोमवार सुबह एक भयावह हादसा तब हुआ जब गुजरात के महिसागर नदी पर बना 43 साल पुराना गंभीरा ब्रिज अचानक भरभराकर गिर गया। इस पुल पर उस समय भारी ट्रैफिक था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना सुबह करीब 8:30 बजे हुई और देखते ही देखते दो ट्रक, एक पिकअप वैन और एक अन्य वाहन नदी में समा गए।
मौत की पुष्टि, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
प्रशासन ने इस हादसे में अब तक तीन लोगों की मौत की पुष्टि की है। कई घायलों को नदी से बाहर निकाला गया है, जबकि कुछ लोगों की तलाश अभी भी जारी है। वडोदरा और आणंद को जोड़ने वाला यह पुल अब पूरी तरह ध्वस्त हो चुका है।
वीडियो वायरल: ट्रक लटका दिखा टूटी पुलिया पर
सोशल मीडिया पर इस हादसे का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक बड़ा ट्रक पुल के टूटे हुए हिस्से पर लटका दिखाई दे रहा है। लोगों की चीख-पुकार, बहती नदी और लहरों में समाए वाहन – ये दृश्य हर किसी को झकझोरने वाले हैं।
स्थानीय लोग बोले – यही था ‘सुसाइड पॉइंट’
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह ब्रिज पहले से ही खस्ताहाल था और ‘सुसाइड पॉइंट’ के रूप में भी बदनाम था। कई बार इस पुल की हालत को लेकर प्रशासन को चेतावनी दी गई, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
यातायात ठप, ट्रैफिक डायवर्ट
पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। ट्रैफिक को अन्य मार्गों पर डायवर्ट कर दिया गया है।

