लाल किले से करोड़ों का सोने-हीरे जड़ा कलश चोरी, CCTV में संदिग्ध की हरकतें कैद

धार्मिक अनुष्ठान के बीच अफरा-तफरी में करोड़ों का कलश गायब, पुलिस ने शुरू की जांच

Red Fort Golden Kalash Theft Case
Red Fort Golden Kalash Theft Case (PC: BBN24/Social Media)

दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किला परिसर में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान स्थल से करोड़ों रुपये मूल्य का सोने-हीरे जड़ा कलश चोरी होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे परिसर में हड़कंप मच गया।

एक कारोबारी की आस्था बनी निशाना

जानकारी के अनुसार, सिविल लाइंस निवासी कारोबारी सुधीर जैन प्रतिदिन पूजा के लिए 760 ग्राम सोने और 150 ग्राम हीरे, माणिक्य व पन्ना जड़े कलश को लेकर आते थे। मंगलवार को भी वह इसे लेकर अनुष्ठान स्थल पहुंचे थे, लेकिन इसी बीच यह चोरी हो गया।

ओम बिड़ला के स्वागत के बीच गायब हुआ कलश

घटना उस वक्त हुई जब लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला अनुष्ठान में शामिल होने पहुंचे। आयोजक व श्रद्धालु उनके स्वागत में व्यस्त हो गए और इसी दौरान मंच पर रखा कीमती कलश रहस्यमय तरीके से गायब हो गया।

संदिग्ध धोती-कुर्ता पहनकर घुला-मिला

पुलिस जांच में सामने आया कि एक संदिग्ध व्यक्ति कई दिनों से धोती-कुर्ता पहनकर वहां आता था और श्रद्धालुओं में घुल-मिल गया था। मौके का फायदा उठाकर उसने कलश को छिपाया और भीड़ लौटने से पहले फरार हो गया।

CCTV फुटेज से मिले सुराग

कोतवाली एसीपी शंकर बनर्जी के नेतृत्व में गठित टीम ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस को घटनास्थल से कुछ CCTV फुटेज मिले हैं, जिनमें संदिग्ध की गतिविधियां कैद हुई हैं। जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।

Share This Article
Exit mobile version