मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में शनिवार सुबह एक किराना व्यवसायी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र के डेरा चौक स्थित मंदिर के पास हुई, जहां व्यवसायी रोज की तरह पूजा करने पहुंचे थे। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
मंदिर के पास बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग
मृतक की पहचान पैगंबरपुर निवासी श्याम सुंदर प्रसाद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वह सुबह मंदिर में पूजा करने जा रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बाइक सवार बदमाशों ने उन पर कई राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगने से वह मौके पर गिर पड़े और हमलावर फरार हो गए।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
फायरिंग की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। घायल व्यवसायी को तुरंत श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में मातम छा गया।
घटनास्थल से मिले तीन खोखे
पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखे बरामद किए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
कई एंगल से जांच कर रही पुलिस
सिवाईपट्टी थाना पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आपसी रंजिश, पुरानी दुश्मनी और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

