Bihar AEDO Paper Leak: मुख्य आरोपी सतीश यादव गिरफ्तार, 10 परीक्षा केंद्रों पर ऐसे बना था नेटवर्क

Bihar Aedo Paper Leak Main Accused Satish Yadav Arrested Solver Gang
Bihar Aedo Paper Leak Main Accused Satish Yadav Arrested Solver Gang (PC: BBN24/Social Media)

Bihar AEDO Paper Leak: बिहार में AEDO परीक्षा में कथित धांधली के मामले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई की है। EOU ने मामले के मुख्य आरोपियों में शामिल सतीश कुमार यादव को गिरफ्तार किया है। उसकी गिरफ्तारी पटना के गर्दनीबाग थाना क्षेत्र में शिवपुरी पार्क के पास से हुई।

EOU के मुताबिक, सतीश यादव बक्सर का रहने वाला है और परीक्षा में कथित धांधली के बाद से फरार था। जांच एजेंसी उसकी तलाश कर रही थी।

10 परीक्षा केंद्रों पर बनाया था नेटवर्क

EOU की जांच के अनुसार, सतीश कुमार यादव ने पटना के करीब 10 परीक्षा केंद्रों पर अपना नेटवर्क बनाया था। इन केंद्रों पर उसने बायोमैट्रिक से जुड़े काम की जिम्मेदारी ली थी।

इसके लिए उसने मेसर्स साई एजुकेयर प्राइवेट लिमिटेड के वेंडरों के साथ एकरारनामा किया था। इसके बाद उसके लोगों को बायोमैट्रिक सुपरवाइजर और ऑपरेटर के रूप में तैनात किया गया था।

परीक्षा केंद्र से प्रश्नपत्र हासिल करने का आरोप

जांच एजेंसी के अनुसार, सतीश यादव के नेटवर्क से जुड़े लोगों ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात कर्मियों के जरिए प्रश्नपत्र हासिल किए। इसके बाद सॉल्वर की मदद से प्रश्नों के उत्तर तैयार किए गए।

EOU के मुताबिक, तैयार उत्तर कुंजी पहले से तय अभ्यर्थियों तक पहुंचाई जाती थी। एजेंसी अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

RKR Solutions सेंटर पर तैयार होती थी Answer Key

EOU की जांच में पटना के बेउर स्थित RKR Solutions Pvt. Ltd. के ऑनलाइन परीक्षा केंद्र का भी नाम सामने आया है।

एजेंसी के अनुसार, 70 फीट रोड स्थित इस सेंटर पर सॉल्वर की मदद से प्रश्नों को हल कर Answer Key तैयार की जाती थी। EOU के मुताबिक, इस सेंटर का संचालन सतीश यादव के सहयोगी सरफराज आलम और रमेश कुमार करते थे।

पहले नेपाल और फिर असम भागा था आरोपी

EOU की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मामले में नाम सामने आने के बाद सतीश कुमार यादव पहले नेपाल चला गया था। इसके बाद वह असम पहुंचा।

जांच एजेंसी उसकी तलाश में जुटी थी। बाद में गोपनीय सूचना के आधार पर उसे पटना से गिरफ्तार कर लिया गया।

यूपी सिपाही भर्ती पेपर लीक केस में भी गिरफ्तारी

EOU के अनुसार, सतीश कुमार यादव का पहले भी आपराधिक मामला सामने आ चुका है। वर्ष 2023 में उत्तर प्रदेश के इटावा में सिपाही भर्ती पेपर लीक मामले में भी उसकी गिरफ्तारी हुई थी। इस मामले में वह लंबे समय तक जेल में रहा था।

गिरफ्तारी के बाद जांच में मिले नए सुराग

EOU ने बताया कि सतीश यादव की गिरफ्तारी के बाद सॉल्वर गैंग से जुड़े अन्य लोगों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। जांच एजेंसी इन सुरागों का सत्यापन कर रही है।

एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि परीक्षा में कथित धांधली के नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल थे और उनकी क्या भूमिका थी।

दूसरे मामलों में भी रिमांड पर लिया जाएगा

फिलहाल सतीश कुमार यादव की गिरफ्तारी मुंगेर मुफस्सिल थाना कांड संख्या 177/26 में की गई है। EOU के मुताबिक, AEDO परीक्षा से जुड़े अन्य मामलों में भी उसे रिमांड पर लिया जा सकता है।

AEDO परीक्षा में कथित धांधली से जुड़े कुल चार मामलों की जांच EOU कर रही है। इन मामलों में जांच अभी जारी है।

Share This Article
Exit mobile version