बिहार की राजनीति में हलचल और तेज हो गई है। विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही विपक्ष और सत्ता पक्ष दोनों की रणनीतियां बदल रही हैं। इसी कड़ी में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बुधवार को अचानक राजद विधायक दल की बैठक बुलाई है। यह बैठक पटना में उनके एक पोलो रोड स्थित आवास पर आयोजित होगी।
विधायक दल की बैठक में हो सकते हैं बड़े फैसले
सूत्रों के मुताबिक बैठक दोपहर में होगी और इसमें सभी राजद विधायक शामिल होंगे। माना जा रहा है कि इस दौरान आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति तय की जाएगी। खासकर सीट बंटवारे पर गहन चर्चा होने की संभावना है।
वोटर अधिकार यात्रा के बाद राजद एक्शन मोड में
1 सितंबर को तेजस्वी यादव और राहुल गांधी की अगुवाई में चल रही वोटर अधिकार यात्रा का पटना में समापन हुआ। इसके बाद से ही राजद सक्रिय मोड में दिखाई दे रहा है। यात्रा के दौरान तेजस्वी ने कई मंचों से खुद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया था, लेकिन कांग्रेस नेतृत्व से इस पर स्पष्ट सहमति नहीं मिली। इसे सीट बंटवारे की खींचतान का संकेत माना जा रहा है।
गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर खींचतान
राजद की यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब महागठबंधन और एनडीए दोनों में ही सीट बंटवारे को लेकर माथापच्ची जारी है। सूत्रों का कहना है कि विधानसभा चुनाव की तारीखें सितंबर में तय हो सकती हैं। ऐसे में इस महीने सीट बंटवारे पर फैसला होना लगभग तय है।


