बिहार में विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। हर पार्टी अपने-अपने तरीके से मतदाताओं को साधने में जुटी है। इसी बीच, आरजेडी नेता और पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव एक बार फिर से सड़क पर उतरने जा रहे हैं।
16 सितंबर से जहानाबाद से होगी शुरुआत
तेजस्वी यादव 16 सितंबर 2025 से ‘बिहार अधिकार यात्रा’ की शुरुआत करेंगे। यह यात्रा जहानाबाद से शुरू होकर 20 सितंबर को वैशाली में समाप्त होगी। यात्रा के दौरान तेजस्वी कई जिलों में जनता से संवाद करेंगे और अपनी चुनावी रणनीति मजबूत करने की कोशिश करेंगे।
किन जिलों से गुज़रेगी यात्रा
तेजस्वी यादव की यह यात्रा जहानाबाद, नालंदा, पटना, बेगूसराय, खगड़िया, मधेपुरा, सहरसा, सुपौल, समस्तीपुर, उजियारपुर और वैशाली से होकर गुजरेगी। हर जिले में वे जनता से मुलाकात करेंगे और आरजेडी का पक्ष मजबूत करने का प्रयास करेंगे।
पार्टी कार्यकर्ताओं को मिले निर्देश
आरजेडी प्रदेश प्रधान महासचिव रणविजय साहू की ओर से जारी पत्र में कहा गया कि “तेजस्वी यादव की बिहार अधिकार यात्रा 16 से 20 सितंबर तक चलेगी और लोकतंत्र की धरती वैशाली में इसका समापन होगा।” पार्टी ने सभी जिलाध्यक्षों को तैयारी में जुट जाने का निर्देश दिया है।
राजनीतिक मायने
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह यात्रा बिहार चुनाव 2025 में आरजेडी के लिए माहौल बनाने में अहम भूमिका निभा सकती है। तेजस्वी यादव इस अभियान के जरिए युवाओं और किसानों को साधने की कोशिश करेंगे।


