Patna Metro: पटना मेट्रो का दायरा और बढ़ गया है। गुरुवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मलाही पकड़ी मेट्रो सेक्शन का उद्घाटन किया। इस नए सेक्शन के शुरू होने के बाद अब आईएसबीटी (ISBT) से मलाही पकड़ी तक 6.2 किलोमीटर का सफर मात्र 15 मिनट में पूरा किया जा सकेगा। इस रूट पर यात्रा के लिए 30 रुपये किराया निर्धारित किया गया है।
ISBT से मलाही पकड़ी तक तेज सफर
मेट्रो सेवा के विस्तार के बाद यात्रियों को पूर्वी पटना में तेज और सुविधाजनक परिवहन का विकल्प मिलेगा। पहले जहां इस दूरी को तय करने में सड़क मार्ग से अधिक समय लगता था, वहीं अब मेट्रो के जरिए यह सफर लगभग 15 मिनट में पूरा होगा।
इन चार स्टेशनों पर रुकेगी मेट्रो
फिलहाल इस कॉरिडोर पर मेट्रो चार स्टेशनों पर रुकेगी।
- मलाही पकड़ी
- भूतनाथ
- जीरो माइल
- आईएसबीटी (ISBT)
खेमनीचक मेट्रो स्टेशन का निर्माण कार्य अभी जारी है। इसके पूरा होने के बाद वहां भी यात्रियों को चढ़ने और उतरने की सुविधा मिलेगी।
रूट बढ़ा, फेरे हुए कम
इससे पहले मेट्रो केवल भूतनाथ से आईएसबीटी के बीच करीब 3.45 किलोमीटर तक संचालित हो रही थी। अब मलाही पकड़ी तक विस्तार होने से कुल परिचालन दूरी 6.2 किलोमीटर हो गई है।
रूट लंबा होने के कारण मेट्रो के दैनिक फेरे 24 से घटाकर 22 कर दिए गए हैं। एक पूरा चक्कर लगाने में लगभग 35 मिनट का समय लगेगा।
यात्रियों को मिलेगा फायदा
नई सेवा शुरू होने से कंकड़बाग, जीरो माइल, मलाही पकड़ी और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बड़ा लाभ मिलेगा। खासकर आईएसबीटी जाने वाले यात्रियों का सफर आसान होगा और सड़क जाम से भी राहत मिलने की उम्मीद है।
13,365 करोड़ रुपये की है परियोजना
पटना मेट्रो परियोजना की कुल लंबाई 31.9 किलोमीटर है, जिस पर लगभग 13,365 करोड़ रुपये की लागत से काम चल रहा है। इस परियोजना के लिए राज्य सरकार, केंद्र सरकार और जापान की एजेंसी JICA के सहयोग से वित्तीय व्यवस्था की गई है।
परियोजना पूरी होने के बाद दानापुर से पटना सिटी तक मेट्रो सेवा शुरू होने की योजना है। इससे राजधानी पटना में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को नई गति मिलेगी और लाखों लोगों को तेज, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का लाभ मिलेगा।

