बिहार की राजधानी पटना मंगलवार को एक बार फिर शिक्षक अभ्यर्थियों के आंदोलन का गवाह बनी। BPSC TRE 4 (बीपीएससी शिक्षक बहाली परीक्षा) की मांग को लेकर जुटे अभ्यर्थियों पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इस दौरान कई छात्र-छात्राएं घायल हो गए।
नोटिफिकेशन की मांग पर सड़क पर उतरे हजारों अभ्यर्थी
जानकारी के अनुसार, बिहार के विभिन्न जिलों से आए शिक्षक अभ्यर्थी पटना की सड़कों पर प्रदर्शन करने उतरे। उनकी प्रमुख मांग थी कि 15 सितंबर से पहले BPSC TRE 4 का नोटिफिकेशन जारी किया जाए और पदों की संख्या 1.20 लाख तक बढ़ाई जाए।
प्रदर्शनकारियों ने जेपी गोलंबर से लेकर डाकबंगला चौराहे तक मार्च किया, जिससे पूरे इलाके में जाम की स्थिति बन गई।
बैरिकेडिंग तोड़ने पर भड़की झड़प
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग लगाई थी, लेकिन भीड़ जब उसे तोड़कर आगे बढ़ने लगी तो हालात बेकाबू हो गए। इसके बाद पुलिस ने लाठियां चलाकर प्रदर्शनकारियों को खदेड़ दिया। कई अभ्यर्थी सिर और हाथ-पैर में चोटिल हुए।
चुनाव से पहले परीक्षा कराने की मांग
अभ्यर्थियों का कहना है कि अक्टूबर-नवंबर में होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले ही TRE-4 आयोजित की जाए। वहीं, नीतीश सरकार का प्लान पहले STET परीक्षा कराने का है, जिसकी प्रक्रिया सितंबर-अक्टूबर में पूरी होगी। TRE-4 दिसंबर में प्रस्तावित है।



