राजधानी पटना में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गर्लफ्रेंड और उसके एक्स-बॉयफ्रेंड की बातचीत को लेकर नाराज़ प्रेमी ने युवक को गोली मार दी। मामला रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र के भूपतिपुर इलाके का है। पुलिस ने आरोपी अभिषेक आनंद को अरवल से गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से वारदात में इस्तेमाल हथियार और बाइक भी बरामद हुई है।
कैसे हुआ विवाद?
पुलिस के मुताबिक, गौतम और लड़की के बीच लंबे समय से अफेयर था। वहीं, अभिषेक का भी उसी लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। लड़की दोनों से बातचीत करती थी, जिससे अभिषेक नाराज़ रहता था।
घटना वाले दिन गौतम ने अभिषेक को कॉल कर बुलाया। गर्लफ्रेंड के सामने दोनों के बीच विवाद और गाली-गलौज हुई। इसके बाद अभिषेक लड़की को लेकर वहां से चला गया।
लेकिन गुस्से में आगबबूला अभिषेक कुछ देर बाद पिस्टल लेकर वापस लौटा और गौतम की गर्दन में गोली मार दी। वारदात को अंजाम देकर वह मौके से फरार हो गया।
पुलिस का बड़ा खुलासा
पूर्वी एसपी ने जानकारी दी कि आरोपी अभिषेक आनंद को अरवल से गिरफ्तार किया गया है। छापेमारी के दौरान उसके घर से पिस्टल की गोलियां भी मिली हैं। वहीं, उसके साथी अब भी फरार चल रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है।
घायल गौतम का इलाज फिलहाल पटना में चल रहा है।