पटना एयरपोर्ट पर फर्जी आईकार्ड संग युवक गिरफ्तार, फोन में चौंकाने वाली बरामदगी

एयरपोर्ट पर पकड़े गए युवक के पास गृह मंत्रालय और इंडियन मुजाहिदीन के फर्जी आईडी मिले।

Fevicon Bbn24
Patna Airport Fake Id Arrest
Patna Airport Fake Id Arrest (PC: BBN24/Social Media)

पटना: राजधानी पटना एयरपोर्ट पर सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी सफलता हासिल की है। एयरपोर्ट से एक युवक को फर्जी पहचान पत्र के साथ गिरफ्तार किया गया। आरोपी खुद को गृह मंत्रालय का फील्ड ऑफिसर बता रहा था। पकड़े गए युवक की पहचान शिवम शर्मा उर्फ शिवम कुमार के रूप में हुई है, जो वैशाली जिले के सिसौनी प्रबोधी का रहने वाला बताया जा रहा है।

पटना एयरपोर्ट पर बड़ी कार्रवाई

एयरपोर्ट पर चेकिंग के दौरान युवक के पास से गृह मंत्रालय (Ministry of Home Affairs) का आईडी कार्ड बरामद हुआ। जांच में पता चला कि यह आईकार्ड फर्जी है। इसके बाद पुलिस ने जब उसकी तलाशी ली तो कई आपत्तिजनक सामग्री मिली, जिसने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ा दी।

आरोपी की पहचान और बरामदगी

बरामदगी की सूची चौंकाने वाली रही। इसमें मिलिट्री ग्रीन बैग, काली शीशी, मेडिकल पाउच, दो मोबाइल फोन, इंडियन आर्म्ड फोर्सेस के नकली आईडी, विभिन्न संगठनों के नाम से बने फर्जी पहचान पत्र, आईईडी (IED) कंपोनेंट्स की तस्वीरें और पाकिस्तानी झंडे वाले व्यक्तियों की फोटो शामिल हैं। इसके अलावा एक बाइक भी जब्त की गई।

फर्जी आईडी कार्ड और संदिग्ध फोटो

सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि आरोपी के फोन से ‘इंडियन मुजाहिदीन जम्मू-कश्मीर’ नाम से बना नकली आईकार्ड मिला। पुलिस का कहना है कि मोबाइल में मिली पाकिस्तानी झंडा लगे व्यक्तियों की तस्वीरें संदेह को और गहरा करती हैं।

एनआईए और एटीएस करेगी गहन जांच

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हवाई अड्डा थाना कांड संख्या 229/25 दर्ज की है और मामले की गंभीर जांच शुरू कर दी गई है। सिटी एसपी मध्य दीक्षा ने बताया कि आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। अब इस मामले की जांच एनआईए (NIA) और एटीएस (ATS) भी करेगी।

Share This Article