बिहार चुनाव से पहले नीतीश सरकार महिलाओं के लिए नई राहत लेकर आई है। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना (Mahila Rojgar Yojana) की शुरुआत अगले 2-3 दिनों में होने जा रही है। ग्रामीण विकास विभाग ने इसकी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
पहली किस्त की राशि सीधे खाते में
विभाग का लक्ष्य है कि 15 सितंबर से लाभार्थी महिलाओं के बैंक खातों में पहली किस्त के रूप में ₹10,000 की राशि भेजी जाएगी। इससे पहले 7 सितंबर को जागरूकता अभियान और आवेदन प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
जीविका से जुड़ना होगा अनिवार्य
इस योजना का लाभ केवल उन्हीं महिलाओं को मिलेगा जो जीविका (Jeevika) से जुड़ी हुई हैं। वर्तमान में लगभग 1.40 करोड़ ग्रामीण महिलाएं और 3.85 लाख शहरी महिलाएं जीविका समूह का हिस्सा हैं। विभाग ने निर्देश दिया है कि सभी जीविका दीदियों को योजना की जानकारी दी जाए और उन्हें जल्द से जल्द आवेदन करने के लिए प्रेरित किया जाए।
राज्यभर में जागरूकता अभियान
ग्रामीण विकास विभाग 7 सितंबर से राज्यभर में विशेष वाहन और शिविरों के जरिए योजना का प्रचार करेगा। साथ ही जिला स्तर पर अधिकारियों को भेजा गया है, जो स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर महिलाओं को जानकारी देंगे।
10 सितंबर को पेंशन का भुगतान भी
योजना के साथ-साथ 10 सितंबर को राज्यस्तरीय सामाजिक सुरक्षा पेंशन का भुगतान भी किया जाएगा। इस बार पेंशन राशि ₹400 से बढ़ाकर ₹1100 तक कर दी गई है। इसके लिए जिलों में कैंप आयोजित होंगे ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।



