मोतीहारी में कपल से बदसलूकी पर बवाल, DIG ने एक्शन में 4 अफसर सस्पेंड

वायरल वीडियो के बाद पुलिस पर बरपा गुस्सा, DIG हरि किशोर राय ने लिया कड़ा कदम

Motihari Police Misbehavior Dig Suspends Four Officers
Motihari Police Misbehavior Dig Suspends Four Officers (Source: BBN24/Google/Social Media)

मोतीहारी में वाहन चेकिंग के दौरान कपल से दुर्व्यवहार का मामला तूल पकड़ गया। मंगलवार को DIG हरि किशोर राय ने कड़ा एक्शन लेते हुए छतौनी थाना प्रभारी PSI अमरजीत कुमार, अतिरिक्त थाना प्रभारी PSI अरिफ हुसैन, PSI इन्द्रकांत कुमार और PSI मोहिनी कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

होमगार्ड जवान की सेवा समाप्त करने की सिफारिश

घटना में शामिल होमगार्ड जवान सुरेन्द्र साह के अनुबंध को खत्म करने की सिफारिश भी जिला कमांडेंट, होमगार्ड, मोतीहारी को भेजी गई है।

क्या हुआ था उस रात?

जानकारी के अनुसार, घटना छतौनी थाना क्षेत्र के बरियारपुर में हुई। अनुराधा कुमारी अपने पति पिंटू कुमार के साथ मोटरसाइकिल से बन भीठा लौट रही थीं। रास्ते में अंधेरे में खड़ी पुलिस टीम ने रुकने का इशारा किया। बाइक आगे बढ़ने पर पुलिसकर्मियों ने डंडा दिखाकर ID कार्ड मांगा।

कपल का आरोप है कि जब पिंटू कुमार ने पूछा कि उन्होंने कौन सा अपराध किया है, तो पुलिस भड़क गई और दोनों के साथ मारपीट की। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

SHO पर और गंभीर आरोप

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि SHO अमरजीत कुमार ने विरोध कर रहे कुछ ग्रामीणों को जबरन पुलिस वाहन में बैठाने की कोशिश की, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया। स्थानीय लोगों के काफी समझाने-बुझाने के बाद ही मामला शांत हुआ।

सोशल मीडिया से उठा तूफान

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही आम जनता में आक्रोश फैल गया। DIG हरि किशोर राय ने कहा, “जनता का पुलिस पर विश्वास बनाए रखने के लिए कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई जरूरी थी।”

Share This Article
Exit mobile version