Jitan Ram Manjhi Attack: मंच पर भाषण दे रहे केंद्रीय मंत्री पर फेंके गए पत्थर, दो युवक हिरासत में

Jitan Ram Manjhi Attacked Stone Pelting Gaya School Program
Jitan Ram Manjhi Attacked Stone Pelting Gaya School Program (PC: BBN24/Social Media)

Jitan Ram Manjhi Attack: बिहार के गया जिले में केंद्रीय मंत्री Jitan Ram Manjhi पर पथराव का मामला सामने आया है. खिजरसराय प्रखंड के सिसवर गांव में आयोजित एक स्कूल कार्यक्रम के दौरान मंच पर भाषण दे रहे जीतन राम मांझी पर कुछ युवकों ने पत्थर फेंक दिए. घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई.

भाषण के दौरान हुआ हमला

जानकारी के मुताबिक संत थॉमस इंग्लिश स्कूल के वार्षिकोत्सव समारोह में केंद्रीय मंत्री मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे थे. कार्यक्रम के दौरान जब वह मंच से भाषण दे रहे थे, तभी अचानक उनकी ओर पत्थर फेंके गए.

पत्थर गिरने की आवाज सुनते ही मंच पर मौजूद पुलिस अधिकारी और सुरक्षाकर्मी तुरंत सक्रिय हो गए और हमले की दिशा में दौड़ पड़े.

दो युवक हिरासत में

पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए दो युवकों को हिरासत में लिया है. बताया जा रहा है कि करीब 10 मिनट बाद दोबारा मंच की ओर पत्थर फेंके गए, जिसके बाद सुरक्षा और कड़ी कर दी गई.

घटनास्थल पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है और कार्यक्रम स्थल पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया.

कड़ी सुरक्षा में पूरा किया कार्यक्रम

घटना के बावजूद कड़ी सुरक्षा के बीच केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने अपना भाषण पूरा किया और बच्चों को पुरस्कार वितरित करने के बाद वहां से रवाना हुए.

नीमचक बथानी डीएसपी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

एसएसपी ने मांगी रिपोर्ट

घटना की जानकारी मिलते ही गया के एसएसपी सुशील कुमार ने अधिकारियों से पूरी रिपोर्ट मांगी और दोषियों पर ठोस कार्रवाई के निर्देश दिए.

बाद में अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर केंद्रीय मंत्री को कड़ी सुरक्षा के बीच उनके पैतृक गांव महकार पहुंचाया गया.

दो दिन पहले मिली थी धमकी

इस घटना से दो दिन पहले ही पटना के एक युवक ने सोशल मीडिया पर जीतन राम मांझी को धमकी भरा वीडियो जारी किया था. इस मामले में साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी राजेश राव उर्फ सरदार को गिरफ्तार किया गया था.

बताया जा रहा है कि यह विवाद बाराचट्टी विधायक ज्योति मांझी से जुड़े एक पुराने मामले के बाद शुरू हुआ था, जिस पर जीतन राम मांझी ने बयान दिया था. उसी से नाराज होकर आरोपी ने कथित धमकी दी थी.

Share This Article
Exit mobile version