Bihar News: Gopalganj के कुचायकोट थाना क्षेत्र में पुलिस ने ऑर्केस्ट्रा नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कई अड्डों पर छापेमारी की। इस दौरान 45 नाबालिग लड़कियों को रेस्क्यू किया गया, जबकि 5 युवतियों और 16 संचालकों को गिरफ्तार किया गया है।
एसपी के निर्देश पर हुई कार्रवाई
यह अभियान एसपी विनय तिवारी के निर्देश पर चलाया गया। कुचायकोट थानाध्यक्ष दर्पण सुमन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कुचायकोट, बलिवन सागर और विंदवलिया भठवां इलाके में एक साथ छापेमारी की।
पुलिस को मौके से किशोरियों के शोषण और अवैध गतिविधियों से जुड़े कई अहम सबूत भी मिले हैं।
राजस्थान से लापता किशोरी भी मिली
जांच के दौरान पुलिस को एक ऐसा मामला मिला जिसने सभी को चौंका दिया। रेस्क्यू की गई लड़कियों में एक किशोरी Rajasthan से पिछले पांच साल से लापता थी। उसके गुमशुदगी की रिपोर्ट वहां के थाने में दर्ज है।
पुलिस ने उसके परिजनों को सूचना दे दी है ताकि वे अपनी बेटी को वापस ले जा सकें। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि रेस्क्यू की गई कई लड़कियां West Bengal की रहने वाली हैं।
जबरन ऑर्केस्ट्रा में काम कराने का आरोप
पूछताछ में कई किशोरियों ने आरोप लगाया कि उन्हें जबरन ऑर्केस्ट्रा में काम कराया जाता था। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।
गिरफ्तार संचालकों और युवतियों से लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जेल भेजने की प्रक्रिया चल रही है।
NGO ने भी किया सहयोग
इस कार्रवाई में ‘Association for Voluntary Action’ और Narayani Seva Sansthan की टीम ने भी सहयोग किया। दोनों संस्थाएं ‘Just Rights for Children’ नेटवर्क से जुड़ी हैं और बाल संरक्षण के क्षेत्र में काम करती हैं।
मानव तस्करी और यौन शोषण की आशंका
एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन के वरिष्ठ निदेशक मनीष शर्मा ने कहा कि यह कार्रवाई नाबालिग लड़कियों की तस्करी और शोषण के बड़े नेटवर्क की ओर इशारा करती है।
उन्होंने बताया कि कई बच्चियों को बहला-फुसलाकर इस धंधे में धकेला जाता है और उनके यौन शोषण की आशंका भी सामने आई है।

