पटना: बिहार के दो युवाओं ने मिलकर भारत का पहला स्वदेशी सुपर ऐप ‘Blue Era’ लॉन्च किया है, जो विदेशी ऐप्स को टक्कर देने के साथ-साथ स्थानीय बिजनेस और रोजगार को बढ़ावा देने का काम करेगा।
15 अगस्त को हुआ लॉन्च
बक्सर के अविनाश पांडे और समस्तीपुर के अवधेश कुमार ने 15 अगस्त को नई दिल्ली में इस ऐप का अनावरण किया। इस ऐप में सोशल मीडिया, मैप्स, चैट और बिजनेस लिस्टिंग की सुविधा एक ही जगह उपलब्ध है। इसमें पान दुकान से लेकर बड़े शोरूम तक सभी को डिजिटल स्पेस दिया गया है।
बिना बिचौलियों के नौकरी
निर्माताओं का कहना है कि यह ऐप युवाओं को सीधे नजदीकी नौकरियों तक पहुंचाने में मदद करेगा। इसमें किसी तरह का कमीशन या बिचौलियों की भूमिका नहीं होगी।
आत्मनिर्भर भारत की ओर कदम
अवधेश ने इसे भारत की अर्थव्यवस्था का “मील का पत्थर” बताया, वहीं अविनाश ने विदेशी प्लेटफॉर्म्स पर निशाना साधते हुए कहा कि वे भारतीय डेटा का शोषण कर रहे हैं और युवाओं को कंटेंट क्रिएशन के नाम पर भ्रमित कर रहे हैं। उनका कहना है कि ‘Blue Era’ सुरक्षित डेटा स्टोरेज, स्व-रोजगार और लोकल मार्केट को मजबूती देने का काम करेगा।
खास फीचर्स
यह ऐप पूरी तरह भारतीय तकनीक से बना है और इसमें चैट डिलीट ऑप्शन जैसी आधुनिक सुविधाएं भी मौजूद हैं। लॉन्च के बाद इसे भारत की डिजिटल अर्थव्यवस्था में विदेशी प्रभाव को चुनौती देने और छोटे व्यवसायियों को सशक्त बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।


