बिहार से 101 करोड़ की टेरर फंडिंग का भंडाफोड़, पिता-पुत्र गिरफ्तार; NIA जांच में जुटी

बिहार-नेपाल नेटवर्क से करोड़ों की ठगी, चाइनीज लोन ऐप और क्रिप्टो के जरिए आतंकी संगठनों तक पहुंचे पैसे

Bihar Terror Funding 101 Crore Cyber Crime Exposed
Bihar Terror Funding 101 Crore Cyber Crime Exposed (PC: BBN24/Social Media)

उत्तर प्रदेश पुलिस ने बिहार के पूर्वी चंपारण से जुड़े एक बड़े साइबर क्राइम और टेरर फंडिंग नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने पिता-पुत्र — गोलू कुमार और भूषण चौधरी — को गिरफ्तार किया है। जांच में खुलासा हुआ है कि इन दोनों के जरिए ₹101 करोड़ 34 लाख रुपये से अधिक की रकम नेपाल और पाकिस्तान जैसे देशों तक पहुंचाई गई। यह रकम साइबर ठगी और चाइनीज लोन ऐप्स के जरिये इकट्ठा कर क्रिप्टोकरेंसी में बदली गई और फिर अंतरराष्ट्रीय आतंकी संगठनों को फंडिंग की गई।

साइबर कैफे की आड़ में चल रहा था फर्जीवाड़ा

पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि आरोपियों ने साइबर कैफे और जनसेवा केंद्र की आड़ में पीड़ितों की जानकारी लेकर उनके बैंक खातों और आधार का दुरुपयोग किया। गोलू कुमार ने पूछताछ में माना कि वह ठगी से कमाए गए पैसे को Binance क्रिप्टो अकाउंट में बदलकर विदेश भेजता था। धीरे-धीरे उसने अपने पिता के नाम पर भी आईडी बनाकर नेटवर्क का विस्तार कर लिया।

नेपाल-पाकिस्तान से जुड़े तार

जांच में पता चला कि यह गिरोह नेपाल और भारत के पांच बैंक खातों के जरिए फंडिंग करता था। ठगी के जरिए कमाए करोड़ों रुपये को पहले क्रिप्टो में बदला जाता और फिर पाकिस्तान समेत अन्य देशों को भेजा जाता। इस रैकेट का मास्टरमाइंड एक अंतरराष्ट्रीय अपराधी सस्पियर बताया जा रहा है, जिसकी गिरफ्तारी के बाद भारत में उसके सहयोगियों पर शिकंजा कसा गया।

ATS और NIA की जांच जारी

गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने 5 मोबाइल फोन, 1 लैपटॉप, 7 आधार कार्ड और नेपाली करेंसी की खेप जब्त की है। यह मामला पिछले साल बलरामपुर में दर्ज हुआ था और पहले ही 5 आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं। अब ATS, NIA और डिजिटल फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रहे हैं।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गंभीर मामला

सूत्रों के अनुसार, भारत सरकार ने इस मामले की जानकारी Interpol और FATF को भी दी है। जांच एजेंसियों को शक है कि इस नेटवर्क के तार अफगानिस्तान और मिडिल ईस्ट के आतंकी संगठनों से भी जुड़े हो सकते हैं।

Share This Article
Exit mobile version