पटना: बिहार सरकार ने भू-अभिलेख एवं परिमाप निदेशालय के तहत कार्यरत विशेष सर्वे संविदा कर्मियों पर बड़ी कार्रवाई की है। लंबे समय से हड़ताल पर बैठे इन कर्मियों को बार-बार अपील और चेतावनी देने के बावजूद ड्यूटी पर न लौटने पर उनकी सेवा समाप्त कर दी गई है।
बार-बार की अपील के बाद भी नहीं लौटे कर्मी
निदेशालय ने बताया कि समाचार पत्रों, सोशल मीडिया और विभागीय वेबसाइट के माध्यम से कई बार अपील की गई थी। कर्मियों को 30 अगस्त और फिर 3 सितंबर तक अंतिम मौका दिया गया था, लेकिन बड़ी संख्या में कर्मचारी वापस नहीं लौटे।
3295 कर्मी लौटे, बाकी की सेवा समाप्त
निर्धारित समय तक कुल 3295 संविदा कर्मियों ने काम पर लौटकर सेवाएं देना शुरू कर दिया। लेकिन बाकी हड़ताल पर रहे कर्मियों की संविदा अब समाप्त कर दी गई है।
रिक्त पदों पर नई बहाली की तैयारी
सरकार ने स्पष्ट किया है कि जिन कर्मियों की सेवा समाप्त की गई है, उनके पद रिक्त माने जाएंगे और इस माह के अंत तक नए विज्ञापन जारी कर भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी।


