गया (Bihar News): बिहार के गया जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जहां मगध मेडिकल थाना क्षेत्र के काजीचक गांव में नवनिर्माणाधीन आहर में डूबकर एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत हो गई। इस हादसे ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया है।
सोमवार दोपहर करीब 1 बजे यह हादसा हुआ जब काजीचक गांव के मोहम्मद इम्तियाज के 15 वर्षीय बेटे दिलशाद, 14 वर्षीय इरशाद और उनके चचेरे भाई मोहम्मद फरियाद नहाने गए थे। लेकिन पानी का बहाव और गहराई ने तीनों को अपनी चपेट में ले लिया। वहीं उनके साथ गया चौथा लड़का किसी तरह वापस लौट आया और गांव में सूचना दी।
दो शव तुरंत मिले, तीसरे के लिए घंटों मशक्कत
सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। नगर के सीओ और एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। घंटों की मशक्कत के बाद दो बच्चों के शव बरामद कर लिए गए, लेकिन तीसरे बच्चे मोहम्मद फरियाद की तलाश में काफी समय लग गया। अंततः देर शाम उसका शव भी बरामद कर लिया गया।
परिवार में मचा कोहराम, मुआवजे का भरोसा
एक साथ तीन बेटों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पूरा गांव शोक में डूबा है। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने आपदा प्रबंधन विभाग के तहत पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है।
ग्रामीणों ने बताया कि यह आहर अभी निर्माणाधीन है और इसके आसपास सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं हैं। लोगों ने प्रशासन से ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए सुरक्षा उपाय करने की मांग की है।


