बिहार चुनाव की उलटी गिनती शुरू! पटना पहुंचे मुख्य चुनाव आयुक्त, बड़ी घोषणा जल्द

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बिहार चुनाव तैयारियों की समीक्षा शुरू की, कुछ ही दिनों में तारीखों का ऐलान संभव।

Bihar Election Gyanesh Kumar Patna Visit
Bihar Election Gyanesh Kumar Patna Visit (PC: BBN24/Social Media)

पटना: बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Assembly Election 2025) की तैयारियों ने अब रफ्तार पकड़ ली है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार (Gyanesh Kumar) शुक्रवार शाम एक उच्चस्तरीय टीम के साथ पटना पहुंचे। उम्मीद जताई जा रही है कि चुनाव की तारीखों का ऐलान अगले कुछ दिनों में हो सकता है।

ज्ञानेश कुमार का यह दौरा चुनाव तारीख घोषित होने से पहले का अंतिम चरण माना जा रहा है। दो दिवसीय यात्रा के दौरान वे राजनीतिक दलों, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगे। इन बैठकों में मतदान केंद्रों की व्यवस्था, मतदाता जागरूकता, कानून-व्यवस्था और 243 विधानसभा सीटों पर चुनाव कर्मियों की तैनाती जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होगी।

मतदाता सूची से हटे 65 लाख नाम

इस दौरे से पहले 30 सितंबर को अंतिम मतदाता सूची जारी की गई थी, जिसमें विशेष पुनरीक्षण प्रक्रिया के तहत लगभग 65 लाख नाम हटाए गए हैं। वहीं, वरिष्ठ उप चुनाव आयुक्त मनीष गर्ग (Manish Garg) ने पहले ही राज्य अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्राथमिक समीक्षा पूरी कर ली थी। इस बीच, दिल्ली में 470 चुनाव पर्यवेक्षकों को भी ब्रीफ किया जा चुका है।

दो या तीन चरणों में हो सकता है मतदान

अधिकारियों के अनुसार, ज्ञानेश कुमार 4 से 5 अक्टूबर तक बिहार में चुनावी तैयारियों का व्यक्तिगत निरीक्षण करेंगे। इसके बाद टीम दिल्ली लौटेगी, जहां आयोग अंतिम समीक्षा कर 2 से 3 दिनों में चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करेगा। माना जा रहा है कि मतदान दो या तीन चरणों में कराया जा सकता है।

Share This Article
Exit mobile version