जैसे-जैसे बिहार विधानसभा चुनाव 2025 नजदीक आ रहे हैं, कांग्रेस पार्टी ने अपने चुनावी अभियान की रणनीति को पूरी गति से आगे बढ़ा दिया है। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और मल्लिकार्जुन खड़गे पार्टी के प्रचार अभियान की कमान संभालेंगे।
चुनाव आयोग द्वारा तारीखों की घोषणा के बाद कांग्रेस ने राज्यभर में बड़ी रैलियों की तैयारी शुरू कर दी है।
राहुल गांधी की 10 और प्रियंका गांधी की 5–6 रैलियां
कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी बिहार में करीब 9 से 10 रैलियां करेंगे, जबकि प्रियंका गांधी वाड्रा 5 से 6 बड़ी जनसभाओं में हिस्सा लेंगी। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी 3 से 4 प्रमुख रैलियों को संबोधित करेंगे।
इसके अलावा, अशोक गहलोत, सचिन पायलट और भूपेश बघेल जैसे वरिष्ठ नेता भी प्रचार में उतरेंगे, जिससे कांग्रेस का जनसंपर्क अभियान और तेज होगा।
बेरोजगारी, महंगाई और सुशासन पर फोकस
कांग्रेस प्रवक्ता असीतनाथ तिवारी ने बताया कि स्टार प्रचारकों की सूची जल्द जारी होगी। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में कांग्रेस का फोकस बेरोजगारी, महंगाई और एनडीए शासन की विफलताओं पर रहेगा।
तेजस्वी यादव और दीपांकर भट्टाचार्य करेंगे क्षेत्रीय अभियान
राजद (RJD) भी अपने चुनाव अभियान को धार दे रही है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव जल्द ही अपनी रैली यात्रा शुरू करेंगे। पार्टी प्रवक्ता एजाज अहमद ने बताया कि तेजस्वी यादव न केवल राजद उम्मीदवारों बल्कि महागठबंधन के अन्य दलों के प्रत्याशियों के लिए भी प्रचार करेंगे।
सीपीआई (एमएल) के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य भी संयुक्त रैलियों के माध्यम से जनता से जुड़ेंगे।
6 और 11 नवंबर को दो चरणों में मतदान
चुनाव आयोग के अनुसार, पहले चरण का मतदान 6 नवंबर और दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होगा। राज्य की सभी 243 सीटों पर दोनों गठबंधन अपनी पूरी ताकत झोंकने में लगे हैं।



