Bihar Bridge News: IIT पटना की टीम कर रही सुरक्षा जांच, रविवार से दूसरे बेली ब्रिज का काम शुरू

Fevicon Bbn24
Vikramshila Setu Bailey Bridge Update Iit Patna Inspection
Vikramshila Setu Bailey Bridge Update Iit Patna Inspection (PC: BBN24/Social Media)

Vikramshila Setu Update: भागलपुर स्थित विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त हिस्से पर बन रहा पहला बेली ब्रिज अब लगभग तैयार हो चुका है. अधिकारियों के मुताबिक शनिवार तक इसका निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा. इसके बाद रविवार से दूसरे बेली ब्रिज के निर्माण का काम शुरू होगा.

दूसरे बेली ब्रिज की तैयारी भी पूरी

जानकारी के अनुसार नवगछिया की ओर पी-4 पिलर के पास दूसरे बेली ब्रिज का निर्माण किया जाएगा. इसके लिए जरूरी स्टील संरचनाएं और अन्य सामग्री पहले ही कार्यस्थल पर पहुंचा दी गई हैं.

शुक्रवार देर रात तक मजदूरों और तकनीकी टीमों ने रैंप निर्माण, प्लेट फिटिंग और अन्य तकनीकी कार्य जारी रखा. शनिवार को अंतिम तकनीकी परीक्षण और फिटिंग का काम पूरा किया जाएगा.

आवागमन बहाल होने की बढ़ी उम्मीद

पहले बेली ब्रिज का निर्माण अंतिम चरण में पहुंचने के बाद विक्रमशिला सेतु पर यातायात बहाल होने की उम्मीद बढ़ गई है. अधिकारियों का कहना है कि दो अतिरिक्त बेली ब्रिज बनने के बाद ही वाहनों की आवाजाही शुरू की जाएगी.

हालांकि अंतिम फैसला तकनीकी जांच और सक्षम प्राधिकार की अनुमति मिलने के बाद ही लिया जाएगा.

IIT पटना की टीम कर रही जांच

Indian Institute of Technology Patna की विशेषज्ञ टीम लगातार पुल की सुरक्षा जांच कर रही है. टीम आधुनिक उपकरणों की मदद से पुल की भार क्षमता, कंपन, दरारों और संरचनात्मक मजबूती का परीक्षण कर रही है.

विशेष रूप से नवगछिया की ओर के हिस्से की गहन जांच की जा रही है ताकि किसी संभावित खतरे का समय रहते आकलन किया जा सके.

तकनीकी रिपोर्ट के आधार पर होगा फैसला

प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक IIT पटना की रिपोर्ट के आधार पर पुल की स्थायी मरम्मत और भविष्य की यातायात व्यवस्था को लेकर निर्णय लिया जाएगा.

फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता क्षतिग्रस्त हिस्सों को सुरक्षित बनाकर जल्द से जल्द आवागमन बहाल करना है, ताकि भागलपुर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को राहत मिल सके.

Share This Article