TRE-4 को लेकर शिक्षा मंत्री का बड़ा बयान, जल्द जारी होगा नोटिफिकेशन, अभ्यर्थियों से तैयारी करने की अपील

Fevicon Bbn24
Bpsc Tre 4 Protest Mithilesh Tiwari Statement Exam Schedule Update
Bpsc Tre 4 Protest Mithilesh Tiwari Statement Exam Schedule Update (PC: BBN24/Social Media)

BPSC TRE-4 Protest: बीपीएससी की चौथे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE-4) को लेकर अभ्यर्थियों का विरोध प्रदर्शन जारी है. इस बीच बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि सरकार जल्द ही भर्ती परीक्षा का शेड्यूल जारी करने वाली है. उन्होंने छात्रों से आंदोलन छोड़कर परीक्षा की तैयारी पर ध्यान देने की अपील की है.

अभ्यर्थियों के प्रदर्शन से बढ़ी हलचल

पटना में TRE-4 नोटिफिकेशन जारी करने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने प्रदर्शन किया. अभ्यर्थियों का कहना है कि सरकार लंबे समय से केवल आश्वासन दे रही है, लेकिन अब तक भर्ती परीक्षा की स्पष्ट तारीख घोषित नहीं की गई है. इसी मांग को लेकर बुधवार को बीपीएससी कार्यालय तक मार्च निकालने की तैयारी की गई थी.

प्रदर्शन का नेतृत्व छात्र नेता सौरव और खुशबू पाठक कर रहे हैं. जानकारी के अनुसार खुशबू पाठक को आरा से पटना आने के दौरान बिहटा में पुलिस ने रोक लिया. बाद में उन्हें बिहटा थाना ले जाया गया. प्रशासन किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए पहले से सतर्क नजर आया.

शिक्षा मंत्री ने दिया आश्वासन

इस पूरे मामले पर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि सरकार TRE-4 भर्ती प्रक्रिया को लेकर पूरी तरह गंभीर है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर शिक्षा विभाग लगातार तैयारी में जुटा हुआ है और बीपीएससी के साथ बातचीत चल रही है.

मंत्री ने कहा कि जल्द ही परीक्षा का शेड्यूल जारी कर दिया जाएगा. उन्होंने अभ्यर्थियों से कहा कि आंदोलन करने की बजाय परीक्षा की तैयारी करें, क्योंकि भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू होने वाली है.

‘आंदोलन का कोई फायदा नहीं’

शिक्षा मंत्री ने अभ्यर्थियों से अपील करते हुए कहा कि “जो चीज होने जा रही है, उसके लिए आंदोलन करने का कोई फायदा नहीं है. आने वाले दिनों में जल्द परीक्षा होगी.” उन्होंने कहा कि सरकार अभ्यर्थियों के भविष्य को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है.

‘अभ्यर्थी हमारे लिए अनमोल हैं’

मिथिलेश तिवारी ने यह भी कहा कि कुछ बाहरी लोग अभ्यर्थियों को भड़काने की कोशिश कर रहे हैं और सरकार इस पूरे मामले पर नजर रख रही है. उन्होंने कहा कि “कोई मुंबई से आ रहा है, कोई कहीं और से आ रहा है, इन सब चीजों की भी जांच की जा रही है.”

शिक्षा मंत्री ने आगे कहा कि बिहार के अभ्यर्थी सरकार के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं और सरकार उनके सपनों को पूरा करने के लिए काम कर रही है. उन्होंने छात्रों से घबराने की बजाय पूरी मेहनत के साथ परीक्षा की तैयारी करने की अपील की.

Share This Article