6 राज्यों की 8 विधानसभा सीटों पर 9 और 23 अप्रैल को उपचुनाव, 4 मई को मतगणना

Fevicon Bbn24
By Election 2026.jpg
By Election 2026.jpg (PC: BBN24/Social Media)

By election 2026: चुनाव आयोग ने रविवार को पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान कर दिया. इसके साथ ही आयोग ने छह राज्यों की 8 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के कार्यक्रम की भी घोषणा की है. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बताया कि गोवा, गुजरात, कर्नाटक, महाराष्ट्र, नागालैंड और त्रिपुरा की कुल 8 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव कराए जाएंगे.

#WATCH दिल्ली: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा, “गोवा, गुजरात, कर्नाटक, महाराष्ट्र, नागालैंड और त्रिपुरा की 8 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होंगे। शेड्यूल यह होगा कि गोवा, कर्नाटक, नागालैंड और त्रिपुरा के विधानसभा क्षेत्रों के लिए 9 अप्रैल को और गुजरात और महाराष्ट्र के… pic.twitter.com/kKHO4pgT6v

— ANI_HindiNews (@AHindinews) March 15, 2026

दो चरणों में होगी वोटिंग

चुनाव आयोग के अनुसार, 8 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव दो चरणों में होंगे. इनमें महाराष्ट्र की 2, गुजरात की 1, कर्नाटक की 2, जबकि गोवा, नागालैंड और त्रिपुरा की एक-एक सीट शामिल है. आयोग ने साफ कर दिया है कि ये सभी सीटें संबंधित विधायकों के निधन के कारण खाली हुई हैं. उपचुनाव की तारीखों का एलान

9 अप्रैल को होगी पहले चरण की वोटिंग

पहले चरण में गोवा, कर्नाटक, नागालैंड और त्रिपुरा की विधानसभा सीटों पर 9 अप्रैल को मतदान कराया जाएगा

23 अप्रैल को दूसरे चरण की वोटिंग होगी

दूसरे चरण में महाराष्ट्र और गुजरात की विधानसभा सीटों पर 23 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे.

गुजरात की उमरेठ सीट पर उपचुनाव

गुजरात की उमरेठ विधानसभा सीट पर 23 अप्रैल को मतदान होगा. यह सीट बीजेपी विधायक गोविंदभाई परमार के निधन के बाद खाली हुई है.

महाराष्ट्र की बारामती और राहुरी सीट पर उपचुनाव

महाराष्ट्र में बारामती और राहुरी विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने हैं. इन दोनों सीटों पर 23 अप्रैल को दूसरे चरण में मतदान होगा. बारामती सीट को लेकर राजनीतिक हलकों में खास चर्चा है. यह सीट दिवंगत एनसीपी नेता अजित पवार की रही है, और माना जा रहा है कि यहां से उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार चुनाव मैदान में उतर सकती हैं. वहीं, अहिल्यानगर (पूर्व नाम-अहमदनगर) जिले की राहुरी विधानसभा सीट शिवाजी कर्डीले के निधन के बाद खाली हुई है.

गोवा की पोंडा सीट पर पहले चरण में मतदान

गोवा की पोंडा विधानसभा सीट पर 9 अप्रैल को पहले चरण में वोटिंग होगी. यह सीट बीजेपी नेता रवि नाइक के निधन के बाद रिक्त हुई है. रवि नाइक गोवा के दो बार मुख्यमंत्री रह चुके थे. उन्होंने 2022 में कांग्रेस छोड़कर बीजेपी जॉइन की थी.

कर्नाटक में बागलकोट और दक्षिण दावणगेरे में होंगे उपचुनाव

कर्नाटक में बागलकोट और दक्षिण दावणगेरे विधानसभा सीटों पर 9 अप्रैल को उपचुनाव कराए जाएंगे. चुनाव आयोग के अनुसार, बागलकोट सीट कांग्रेस विधायक एच.वाई. मेटी के निधन के बाद खाली हुई है. वहीं, दक्षिण दावणगेरे सीट शमनूर शिवशंकरप्पा के निधन के कारण रिक्त हुई है.

नगालैंड के कोरिडांग और त्रिपुरा के धर्मनगर में उपचुनाव

नागालैंड के कोरिडांग और त्रिपुरा के धर्मनगर विधानसभा क्षेत्रों में 9 अप्रैल को उपचुनाव कराए जाएंगे. धर्मनगर विधानसभा सीट त्रिपुरा विधानसभा के अध्यक्ष और वरिष्ठ विधायक विश्व बंधु सेन के निधन के बाद खाली हुई है. वहीं, नागालैंड के कोरिडांग विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव वरिष्ठ नागा नेता इम्कोंग एल इमचेन के निधन के कारण कराया जा रहा है.

कब होगी वोटों की गिनती?

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बताया कि सभी 8 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के वोटों की गिनती 4 मई को की जाएगी.

TAGGED:
Share This Article