75 लाख महिलाओं के खाते में आज आएंगे ₹10,000, मोदी-नीतीश करेंगे बड़ा ऐलान

बिहार में चुनावी माहौल के बीच मोदी और नीतीश महिला रोजगार योजना की पहली किस्त करेंगे जारी

Rohit Mehta Journalist
Modi Nitish Transfer 10000 To 75 Lakh Women
Modi Nitish Transfer 10000 To 75 Lakh Women (PC: BBN24/Social Media)

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले राज्य सरकार ने महिलाओं को बड़ी सौगात देने का ऐलान किया है। शुक्रवार, 26 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना (Mukhyamantri Mahila Rojgar Yojana) के तहत पहली किस्त के रूप में 10-10 हजार रुपये ट्रांसफर करेंगे।

सरकार के अनुसार लगभग 75 लाख महिलाओं के खाते में कुल 7500 करोड़ रुपये की राशि भेजी जाएगी। इस कार्यक्रम में पीएम मोदी सुबह 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़ेंगे।

महिलाओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ने की पहल

राज्य सरकार ने बताया कि यह राशि महिलाओं को स्व-रोजगार और आजीविका से जोड़ने के उद्देश्य से दी जा रही है। योजना के तहत 10,000 रुपये की शुरुआती मदद मिलने के बाद महिलाएं अपना छोटा व्यवसाय शुरू कर सकेंगी।

6 महीने बाद उनके कामकाज का मूल्यांकन किया जाएगा और सफल होने पर 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त आर्थिक सहायता भी दी जाएगी।

चुनाव से पहले लोकलुभावन कदम या विकास की पहल?

नीतीश सरकार ने इस योजना को चुनावी रेवड़ी बताने से इनकार किया है। सरकार का कहना है कि मकसद सिर्फ आर्थिक मदद देना नहीं, बल्कि महिलाओं को रोजगार पैदा करने वाला बनाना है।

गौरतलब है कि 7 सितंबर से इस योजना के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू हुई थी। अब तक 1 करोड़ से ज्यादा महिलाओं ने आवेदन किया है, जिनमें से 75 लाख को पहली किस्त आज मिलेगी। बाकी महिलाओं को अगली किस्तें चरणबद्ध तरीके से मिलेंगी।

कार्यक्रम की नई तारीख और जिलेवार आयोजन

पहले यह राशि 22 सितंबर को ट्रांसफर होनी थी, लेकिन तकनीकी कारणों से तारीख बढ़ा दी गई। अब 26 सितंबर को पूरे राज्य में जिला स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें लाभार्थी महिलाओं को योजना का सीधा फायदा मिलेगा।

Share This Article