बिहार चुनाव 2025 में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। एआईएमआईएम (AIMIM) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने सीमांचल में रैली की शुरुआत करते हुए एक बड़ा दावा किया। ओवैसी ने कहा कि अगर इस बार एनडीए (NDA) की सरकार बनी, तो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नहीं बल्कि भाजपा का कोई नेता होगा।
ओवैसी ने न्यूज़ चैनल आज तक से बातचीत में कहा, “बिहार में अगर एनडीए की सरकार बनी तो इस बार नीतीश कुमार नहीं, बल्कि भाजपा का सीएम होगा।”
जब उनसे यह सवाल किया गया कि क्या वह भाजपा की बी टीम बनकर मुस्लिम वोट काटने आए हैं, तो ओवैसी ने इसे महज आरोप बताया। उन्होंने कहा, “पिछली बार की तरह इस चुनाव में भी सीमांचल में जो भी दल रहेगा, उनके हराएंगे।”
ओवैसी की पार्टी ने 2020 के विधानसभा चुनाव में सीमांचल की पांच सीटें जीतकर राजद को झटका दिया था। हालांकि बाद में चार विधायक आरजेडी में शामिल हो गए।
हैदराबाद से सांसद ओवैसी किशनगंज में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। किशनगंज उत्तर बिहार का ऐसा जिला है जहां लगभग दो-तिहाई आबादी मुस्लिम है। यहीं से उन्होंने तीन दिवसीय ‘सीमांचल न्याय यात्रा’ की शुरुआत की।
ओवैसी ने कहा कि उनकी पार्टी ने गठबंधन ‘इंडिया’ से अनुरोध किया है कि 243 विधानसभा सीटों में से एआईएमआईएम को छह सीटें दी जाएं। उन्होंने साफ कहा, “अगर गठबंधन की तरफ से उचित जवाब नहीं मिलता है तो यह साफ हो जाएगा कि वास्तव में भाजपा की मदद कौन कर रहा है।”



