बिहार में पहली बार ईस्ट जोन शूटिंग चैंपियनशिप, 700 निशानेबाज भिड़ेंगे गोलियों संग

नालंदा और पटना की शूटिंग रेंज पर 15 से 19 सितंबर तक गूंजेगी गोलियों की गड़गड़ाहट

Fevicon Bbn24
East Zone Shooting Championship Bihar Patna Nalanda
East Zone Shooting Championship Bihar Patna Nalanda (PC: BBN24/Social Media)

बिहार के खेल इतिहास में आज एक नया अध्याय जुड़ गया है। प्रदेश में पहली बार 9वीं ईस्ट जोन शूटिंग चैंपियनशिप का आयोजन शुरू हो गया है। 15 से 19 सितंबर तक चलने वाली यह प्रतियोगिता नालंदा के हरनौत (कल्याण बिगहा) स्थित इंडोर शूटिंग रेंज और पटना के बिक्रम में बने नवनिर्मित साकेत सिंह शूटिंग अकादमी में आयोजित होगी।

इस चैंपियनशिप की जिम्मेदारी भारतीय राइफल संघ (New Delhi) ने बिहार स्टेट राइफल एसोसिएशन को सौंपी है।

छह राज्यों से आएंगे 700 से अधिक खिलाड़ी

बिहार स्टेट राइफल एसोसिएशन के मानद सचिव कुमार त्रिपुरारी सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस चैंपियनशिप में बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा और अंडमान-निकोबार से करीब 700 निशानेबाज भाग लेंगे। इनमें अकेले बिहार से 110 प्रतिभागी अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।

इसके अलावा प्रतियोगिता में आर्मी और डेफ कैटेगरी के खिलाड़ी भी शामिल होंगे।

उद्घाटन में मौजूद रहेंगे खास मेहमान

प्रतियोगिता का उद्घाटन अंजनी कुमार सिंह (महानिदेशक, बिहार संग्रहालय) और बी. राजेंद्र (अपर मुख्य सचिव, खेल एवं शिक्षा विभाग) करेंगे। इस मौके पर ओलिंपियन और विधायक श्रेयसी सिंह भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने पहुंचेंगी।

मुकाबले कहां होंगे

  • इंडोर शूटिंग रेंज, नालंदा (कल्याण बिगहा): 10 मीटर एयर राइफल और एयर पिस्टल
  • साकेत सिंह शूटिंग अकादमी, पटना (बिक्रम): 25 मीटर फायर पिस्टल, 50 मीटर पिस्टल और 50 मीटर राइफल

राष्ट्रीय स्तर तक का रास्ता

इस चैंपियनशिप में प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों का चयन साल के अंत में दिल्ली और भोपाल में होने वाली राष्ट्रीय निशानेबाजी प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा।

कुमार त्रिपुरारी सिंह ने कहा कि बिहार सरकार और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के प्रयासों से ही इस तरह के बड़े आयोजन संभव हो पाए हैं।

Share This Article