बिहार चुनाव 2025: नीतीश कुमार का बड़ा दांव, अब छात्रों को मिलेगा ब्याजमुक्त एजुकेशन लोन

नीतीश कुमार ने स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना में बड़ा बदलाव किया, अब सभी छात्रों को बिना ब्याज के 4 लाख तक का लोन मिलेगा।

Rohit Mehta Journalist
Nitish Kumar Interest Free Education Loan Bihar Election 2025
Nitish Kumar Interest Free Education Loan Bihar Election 2025 (PC: BBN24/Social Media)

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने छात्रों के लिए बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने घोषणा की है कि अब स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना (Student Credit Card Scheme) के तहत मिलने वाला एजुकेशन लोन पूरी तरह ब्याजमुक्त होगा।

क्या है नई योजना?

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जानकारी दी कि अब 12वीं पास विद्यार्थी उच्च शिक्षा के लिए अधिकतम 4 लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त लोन ले सकेंगे। पहले इस पर 4% ब्याज दर लागू थी, जबकि महिला, दिव्यांग और ट्रांसजेंडर छात्रों के लिए यह 1% था। लेकिन अब सभी छात्रों को यह सुविधा शून्य ब्याज पर मिलेगी।

लोन चुकाने की अवधि बढ़ी

पहले 2 लाख रुपये तक के लोन को 5 साल में चुकाना होता था, जिसे बढ़ाकर अब 7 साल कर दिया गया है। वहीं, 2 लाख से अधिक लोन की अदायगी अवधि 7 साल से बढ़ाकर 10 साल कर दी गई है। इससे छात्रों पर आर्थिक बोझ कम होगा।

छात्रों और राज्य का भविष्य संवारने का दावा

सीएम नीतीश कुमार का कहना है कि इस फैसले से राज्य के अधिक से अधिक छात्र-छात्राएं उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे। इससे उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे शिक्षा के साथ-साथ राज्य और देश के विकास में योगदान दे पाएंगे।

चुनावी दांव भी माना जा रहा

विशेषज्ञों का मानना है कि नीतीश सरकार का यह फैसला विधानसभा चुनाव से पहले एक बड़ा चुनावी दांव है। इससे पहले भी सरकार ने 125 यूनिट मुफ्त बिजली और महिलाओं को रोजगार सहायता राशि जैसी घोषणाएं की थीं।

Share This Article