मुंबई में रविवार सुबह भारी बारिश के बीच मोनो रेल अचानक रास्ते में ही रुक गई। तकनीकी खराबी की वजह से एंटॉप हिल के पास खड़ी हुई इस मोनो रेल में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, मोनो रेल के रुकने के बाद तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई। राहत कार्य शुरू करते हुए करीब 17 यात्रियों को बाहर निकाला गया और उन्हें दूसरी मोनो रेल में बैठाया गया।
बार-बार क्यों हो रही है खराबी?
यह घटना एक महीने के भीतर दूसरी बार हुई है जब मुंबई मोनो रेल ने बीच रास्ते जवाब दे दिया। मोनो रेल कॉर्पोरेशन का कहना है कि बिजली सप्लाई में समस्या की वजह से दिक्कत हुई, हालांकि विस्तृत जांच जारी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की खराबी लगातार सामने आ रही है, इसलिए अब स्थायी समाधान जरूरी हो गया है।
अगस्त में भी हुई थी बड़ी घटना
27 अगस्त को भी मोनो रेल में खराबी के चलते सैकड़ों यात्री फंस गए थे। उस दौरान मैसूर कॉलोनी और भक्ति पार्क के बीच खड़ी मोनो रेल से दमकल की ‘स्नोर्कल’ सीढ़ी लगाकर 582 यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया था। वहीं एक अन्य मोनो रेल को खींचकर वडाला स्टेशन लाया गया और वहां से 200 यात्रियों को बाहर निकाला गया।
यात्रियों की सुरक्षा पर उठे सवाल
विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार हो रही तकनीकी खराबियां यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। अगस्त में भी यात्रियों की अधिक संख्या की वजह से मोनो रेल को बीच रास्ते रोकना पड़ा था। अब यात्रियों की उम्मीद है कि जल्द ही इन समस्याओं का स्थायी हल निकाला जाए।



