पटना का मन्दिरी नाला बना स्मार्ट रोड, रातभर जगमग काम से बदलेगा ट्रैफिक नज़ारा

फ्लडलाइट्स, हाई-टेक मशीनें और चौबीसों घंटे काम से मन्दिरी नाले पर बन रही स्मार्ट रोड।

Fevicon Bbn24
Patna Mandiri Nala Smart Road Construction
Patna Mandiri Nala Smart Road Construction (PC: BBN24/Social Media)

पटना: राजधानी पटना के स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत मन्दिरी नाला का कायाकल्प अंतिम चरण में पहुंच गया है। रातभर जलती फ्लडलाइट्स और गूंजते हाई-टेक मशीनों के बीच चल रहे निर्माण कार्य ने इसे किसी फिल्मी सेट जैसा नजारा बना दिया है।

आयकर गोलंबर से गांधी मैदान तक बनेगा सीधा कनेक्शन

वर्तमान में आयकर गोलंबर के पास कास्टिंग का काम तेजी से चल रहा है। इसके बाद यह स्मार्ट रोड सीधे गांधी मैदान से जुड़ जाएगी। यह मार्ग बेली रोड से सिद्धेश्वरी काली मंदिर तक कनेक्ट होगा, जिससे फ्रेजर रोड, बुद्धा मार्ग और अशोक राजपथ पर ट्रैफिक का दबाव काफी हद तक कम होगा।

87 करोड़ का प्रोजेक्ट, 1.3 किलोमीटर लंबी स्मार्ट रोड

करीब 86.98 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा यह प्रोजेक्ट 1,289 मीटर (लगभग 1.3 किमी) लंबे क्षेत्र में तैयार हो रहा है। इस स्मार्ट रोड के नीचे ट्विन-बैरल आरसीसी बॉक्स ड्रेन बनाया गया है, जिससे सफाई बिना सड़क को नुकसान पहुंचाए संभव होगी। साथ ही सर्विस ड्रेन, डिवाइडर और अन्य फिनिशिंग टच का काम भी अंतिम चरण में है।

गुणवत्ता पर सख्त निगरानी

पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अनिमेष कुमार पराशर ने रोज़ाना समीक्षा करने और गुणवत्ता से कोई समझौता न करने का निर्देश दिया है। आधुनिक मशीनों से लैस मज़दूर लगातार तेज़ी से काम कर रहे हैं ताकि आम जनता को कम से कम असुविधा हो और समय पर सड़क तैयार हो सके।

पटना के यात्रियों के लिए नई उम्मीद

पटना के रोज़ जाम से जूझते यात्रियों के लिए यह सड़क एक नई उम्मीद लेकर आ रही है। जल्द ही उन्हें एक ऐसी स्मार्ट रोड मिलेगी जो न सिर्फ फ्लड-रेसिस्टेंट होगी बल्कि शहर के दिल तक पहुंचने के लिए सबसे तेज़ और सुरक्षित रास्ता भी साबित होगी।

Share This Article