बिहार से नेपाल की राजधानी काठमांडू (Kathmandu) के लिए 26 साल बाद सीधी उड़ान शुरू होने जा रही है। साल 1999 में यह सेवा बंद कर दी गई थी। अब राज्य सरकार ने अंतरराष्ट्रीय रूट्स पर हवाई संपर्क बढ़ाने की नई नीति को मंजूरी दी है।
पटना और गया से उड़ानें होंगी शुरू
नई नीति के तहत पटना के जयप्रकाश अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (Patna Airport) और गया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (Gaya Airport) से सीधी उड़ानों की शुरुआत होगी। इसमें शारजाह, सिंगापुर, बैंकॉक और कोलंबो जैसे अंतरराष्ट्रीय शहरों के लिए भी नॉन-स्टॉप फ्लाइट्स शामिल होंगी।
सरकार देगी एयरलाइंस को प्रोत्साहन
राज्य मंत्रिपरिषद के फैसले के अनुसार, हवाई कंपनियों को नई उड़ानों के लिए वित्तीय प्रोत्साहन (VGF राशि) दिया जाएगा। यह सुविधा केवल उन्हीं विमानों के लिए होगी जिनमें कम से कम 150 यात्री बैठ सकें। छोटे विमानों और वाया फ्लाइट्स को इस योजना में शामिल नहीं किया गया है।
बिहार को मिलेगा वैश्विक कनेक्शन
कैबिनेट विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ ने बताया कि इस पहल से बिहार सीधे उत्तर में नेपाल, दक्षिण में कोलंबो, पूर्व में सिंगापुर और पश्चिम में शारजाह से जुड़ जाएगा। इससे बिहार की अंतरराष्ट्रीय लॉजिस्टिक्स में हिस्सेदारी बढ़ेगी और पर्यटन व उद्योग को मजबूती मिलेगी।
रोजगार और निवेश में बढ़ोतरी
नई उड़ानों से बिहार में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और राज्य में निवेश को भी बढ़ावा मिलेगा। पर्यटन उद्योग को इससे सीधा फायदा पहुंचेगा, जिससे बिहार वैश्विक मानचित्र पर और मजबूत स्थिति में आएगा।



