बिहार में महागठबंधन की वोट अधिकार यात्रा के पहले ही दिन सियासी बयानबाजी तेज हो गई। विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के प्रमुख और पूर्व मंत्री मुकेश साहनी ने रविवार को चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि आयोग विपक्ष को दुश्मन मानकर काम कर रहा है।
विपक्ष के खिलाफ काम कर रहा चुनाव आयोग?
साहनी ने सासाराम में आयोजित जनसभा में कहा, “छुट्टी के दिन भी चुनाव आयोग प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहा है। आयोग की जिम्मेदारी है कि निष्पक्ष चुनाव कराए, लेकिन आज ऐसा लग रहा है कि विपक्ष को दुश्मन मान लिया गया है।”
उन्होंने दावा किया कि आने वाले विधानसभा चुनावों में बिहार की तस्वीर बदलेगी और महागठबंधन की सरकार बनेगी। उन्होंने अपनी यात्रा को लोकतंत्र बचाने की लड़ाई बताया।
लोकतंत्र या राजतंत्र?
VIP चीफ ने कहा कि देश को लोकतंत्र की राह पर चलना होगा, न कि राजतंत्र की ओर। उन्होंने आरोप लगाया कि वोट की चोरी कर सरकार बनाई जा रही है और यह सच्चाई अब देशभर को पता है।
वोट का अधिकार ही सबसे बड़ी ताकत
साहनी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा, “बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर ने हमें वोट का अधिकार दिया। अगर वोट न होता तो न लालू यादव मुख्यमंत्री बनते और न ही मल्लाह का बेटा मंत्री बन पाता।” उन्होंने जनता से वोट की रक्षा करने की अपील की और कहा कि लोकतंत्र चलाने के लिए सत्ता और विपक्ष दोनों जरूरी हैं।



