बक्सर: बिहार के बक्सर जिले के नया बाजार मोहल्ले में गुरुवार देर रात एक चौंकाने वाला मर्डर केस सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया है। 21 वर्षीय राजू कुमार, जो आगामी 3 अगस्त को बिहार पुलिस की परीक्षा देने वाला था, उसकी उसी के तीन दोस्तों ने शराब पीने के दौरान हुई कहासुनी में गोली मारकर हत्या कर दी।
राजू को सीने में गोली लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वह एक सामान्य परिवार से था, उसके पिता बीरबल कुमार दूध बेचकर घर चलाते हैं। राजू की अचानक मौत ने परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है।
दो आरोपी गिरफ्तार, एक अब भी फरार, पुलिस ने तेज़ की छापेमारी
पुलिस को जानकारी तब मिली जब एक आरोपी खुद नगर थाना पहुंचा और पूरी वारदात का खुलासा किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए देर रात छापेमारी की और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, तीसरा आरोपी अब भी फरार है जिसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
नगर थानाध्यक्ष रमण रावत ने बताया कि घटना में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के लिए एक विशेष टीम गठित की गई है। घटनास्थल से कई अहम सबूत जुटाए गए हैं और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए बक्सर सदर अस्पताल भेजा गया है।
तेजस्वी यादव की जान को खतरा? बिहार विधानसभा के बाहर राबड़ी देवी का सियासी विस्फोट
परिजनों का फूटा गुस्सा, स्टेट हाइवे पर लगाया जाम
हत्या की खबर फैलते ही शुक्रवार सुबह आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने बक्सर-कोचस स्टेट हाइवे को जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने नया बाजार में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर पुलिस की निष्क्रियता पर सवाल उठाए और वरीय अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की।
नगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालने की कोशिश की, लेकिन लोग अपनी मांगों पर अड़े रहे। हालात को नियंत्रण में लाने के लिए आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बक्सर में हुआ यह हत्याकांड न केवल दोस्ती पर सवाल खड़े करता है, बल्कि बिहार में युवाओं की सुरक्षा व्यवस्था को भी कटघरे में खड़ा करता है। एक होनहार छात्र, जो भविष्य में पुलिस में भर्ती होकर कानून का रक्षक बनने वाला था, आज खुद अपराध का शिकार हो गया।


