RCB Victory Parade Stampede: RCB के मार्केटिंग हेड निखिल सोसले एयरपोर्ट से गिरफ्तार, 3 और की गिरफ्तारी

बेंगलुरु में RCB की जीत के जश्न में मची भगदड़ का मामला—पहली गिरफ्तारी मार्केटिंग हेड निखिल सोसले की, DNA इवेंट कंपनी के तीन अन्य लोग भी हिरासत में

Fevicon Bbn24
Rcb Marketing Head Nikhil Sosale Arrested Stampede Case Bengaluru
(Image Source: Social Media Sites)

बेंगलुरु: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (Royal Challengers Bangalore) की पहली आईपीएल (IPL) ट्रॉफी जीतने के बाद 4 जून को बेंगलुरु में आयोजित विक्ट्री परेड में हुई भगदड़ मामले में पुलिस ने पहली गिरफ्तारी कर ली है। गिरफ्तार किया गया व्यक्ति कोई और नहीं बल्कि RCB के मार्केटिंग हेड निखिल सोसले (Nikhil Sosale) हैं।

सूत्रों के अनुसार, निखिल मुंबई एयरपोर्ट से देश छोड़ने की फिराक में थे, तभी बेंगलुरु पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। उनके अलावा इवेंट मैनेजमेंट कंपनी DNA से जुड़े तीन अन्य लोगों को भी अरेस्ट किया गया है।

DNA इवेंट कंपनी पर भी शक की सुई, KSCA के अधिकारी फरार

पुलिस की जांच में यह सामने आया है कि कार्यक्रम की तैयारियों और भीड़ नियंत्रण में गंभीर चूक हुई थी। इवेंट का प्रबंधन कर रही DNA इवेंट कंपनी के तीन अधिकारी अब पुलिस की हिरासत में हैं, जिनसे पूछताछ की जा रही है।

वहीं कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) के सचिव शंकर और कोषाध्यक्ष जयराम अभी फरार हैं। पुलिस दोनों के घरों पर छापा मार चुकी है लेकिन वे अब तक हाथ नहीं लगे हैं।

घटना में 11 लोगों की मौत, CM ने किया मुआवजे का ऐलान

इस दुखद भगदड़ में अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है और करीब 50 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। कर्नाटक सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये का मुआवजा देने का ऐलान किया गया है।

वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी घटना पर दुख जताते हुए कहा, “जीवन से बड़ा कोई जश्न नहीं हो सकता। इस दुख की घड़ी में हम पीड़ित परिवारों के साथ हैं।”

पुलिस कर रही व्यापक जांच, आयोजकों पर लापरवाही का आरोप

पुलिस के मुताबिक इस पूरे आयोजन में न तो पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था थी और न ही भीड़ नियंत्रण के उपाय। आयोजकों ने पुलिस के दिशा-निर्देशों का पालन नहीं किया, जिसकी वजह से स्थिति बेकाबू हो गई।

फिलहाल मामले की जांच तेज कर दी गई है और जल्द ही बाकी दोषियों को भी गिरफ्तार करने की बात कही जा रही है।

Share This Article