पहलगाम आतंकी हमले और उसके बाद भारत की आक्रामक कार्रवाई ने पाकिस्तान की बेचैनी बढ़ा दी है। पाकिस्तान अब हर हाल में बातचीत की बहाली चाहता है, लेकिन भारत की सख्त शर्तों के चलते उसके लिए यह आसान नहीं है। इसी बीच पाकिस्तान के विदेश मंत्री और उपप्रधानमंत्री इशाक डार ने बयान दिया है कि वे भारत के साथ “सम्मानजनक तरीके” से बातचीत करने को तैयार हैं।
कश्मीर मुद्दे पर अड़े डार
डार ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पाकिस्तान, भारत के साथ कंपोजिट डायलॉग फिर से शुरू करना चाहता है। उन्होंने दावा किया कि कश्मीर समेत अनसुलझे मुद्दों पर चर्चा ज़रूरी है।
गौरतलब है कि कंपोजिट डायलॉग प्रक्रिया 2003 में शुरू हुई थी, लेकिन 2008 के मुंबई आतंकी हमले के बाद इसे रोक दिया गया। भारत पहले ही साफ कर चुका है कि अब बातचीत सिर्फ पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) की वापसी पर ही होगी।
‘भीख नहीं मांगेगा पाकिस्तान’
इशाक डार ने कहा कि पाकिस्तान बातचीत के लिए “भीख” नहीं मांगेगा, लेकिन सम्मानजनक संवाद चाहता है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि हाल के दिनों में पाकिस्तान का पक्ष दुनिया ने सुना और समझा है।
ऑपरेशन सिंदूर से तिलमिलाया पाकिस्तान
भारत ने 7 मई को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया था। इस कार्रवाई से पाकिस्तान बौखला गया और सीमा पर संघर्ष तेज हो गया। डार ने चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी “उकसावे” का करारा जवाब दिया जाएगा।


