Pakistan International Airline (PIA) का एक ऐसा कारनामा सामने आया है जिसने पूरी एयरलाइन इंडस्ट्री की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लाहौर से कराची जाने के लिए टिकट बुक कराने वाला एक शख्स गलती से कराची नहीं बल्कि सऊदी अरब के Jeddah Airport पर पहुंच गया। यह चौंकाने वाली घटना तब सामने आई जब यात्री Shahzain ने उड़ान के दो घंटे बाद एयर होस्टेस से सवाल किया कि अभी तक कराची क्यों नहीं आया।
ARY News की रिपोर्ट के मुताबिक पीड़ित यात्री की पहचान Shahzain के रूप में हुई है। उसने इस मामले में एयरलाइन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का ऐलान किया है। Shahzain ने बताया कि उसने लाहौर एयरपोर्ट पर वैध टिकट दिखाया, लेकिन एक ही टर्मिनल पर खड़े दो विमानों में से वह गलत फ्लाइट में चढ़ गया।
Shahzain ने कहा, “फ्लाइट में बैठने के बाद मुझे जब दो घंटे तक कराची नहीं दिखा तो मैंने पूछताछ की। तब जाकर खुलासा हुआ कि मैं तो कराची नहीं बल्कि सऊदी अरब की फ्लाइट में हूं। इसके बाद क्रू मेंबर्स मेरे पास आए और उल्टा मुझे ही इस गलती का दोषी ठहराने लगे। उन्होंने धमकी दी कि इस मामले की जांच अब केंद्रीय एजेंसी करेगी।”
चौंकाने वाली बात यह है कि Shahzain के पास न तो पासपोर्ट था और न ही अंतरराष्ट्रीय उड़ान का वीजा। इसके बावजूद एयरलाइन स्टाफ ने बोर्डिंग पास चेक करने में भारी चूक की और उसे विदेशी उड़ान में बैठा दिया।
Shahzain ने आगे बताया कि जब वह जेद्दाह पहुंचा तो उसने एयरलाइन कर्मचारियों से उसे वापसी फ्लाइट से लाहौर या कराची भेजने की मांग की। लेकिन एयरलाइन ने कहा कि इसमें 3-4 दिन लग सकते हैं। अब Shahzain ने इस घटना को लेकर एयरलाइन को लीगल नोटिस भेजा है जिसमें मानसिक और भावनात्मक क्षति के लिए मुआवजे की मांग की गई है।
स्थानीय मीडिया ने जब Lahore Airport प्रशासन से संपर्क किया तो उन्होंने इस चूक का ठीकरा पूरी तरह एयरलाइन की लापरवाही पर फोड़ा। अब पाकिस्तान में एयरलाइन सुरक्षा और बोर्डिंग प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।


