पड़ोसी देश नेपाल में लगातार बढ़ते विरोध-प्रदर्शनों के बीच आखिरकार सोमवार देर रात सरकार ने सोशल मीडिया साइटों से प्रतिबंध हटा लिया। तीन दिन पहले लगाए गए इस बैन के खिलाफ देशभर में हिंसक आंदोलन हुआ, जिसमें कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई और 300 से अधिक लोग घायल हुए।
सूचना एवं प्रसारण मंत्री पृथ्वी सुब्बा गुरुंग ने घोषणा की कि कैबिनेट की आपात बैठक में सोशल मीडिया बहाल करने का निर्णय लिया गया है।
‘जेन-जी’ ग्रुप का दबाव पड़ा भारी
काठमांडू संसद भवन के सामने हजारों युवाओं के नेतृत्व में ‘जेन-जी’ समूह ने सोशल मीडिया बैन हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों के उग्र होने पर पुलिस को पानी की बौछारें, आंसू गैस और गोलियों का सहारा लेना पड़ा। स्थिति बिगड़ने के बाद सरकार को झुकना पड़ा।
फेसबुक, एक्स और व्हाट्सएप फिर से चालू
सोमवार देर रात से Facebook, X और WhatsApp समेत 26 सोशल मीडिया साइटें दोबारा सक्रिय हो गईं। नेपाल सरकार ने इन्हें पंजीकरण न कराने के कारण ब्लॉक किया था।
भारत-नेपाल सीमा पर अलर्ट
हिंसक प्रदर्शनों को देखते हुए भारत-नेपाल सीमा पर भी अलर्ट जारी कर दिया गया है। सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने निगरानी बढ़ा दी है ताकि भारतीय क्षेत्र में अशांति न फैले।



