दक्षिणी इजरायल के रेमन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास हुए ड्रोन हमले के बाद इजरायल ने रविवार को अपना हवाई क्षेत्र अस्थायी रूप से बंद कर दिया। उड़ानों को रोकने का आदेश दिया गया, जिससे यात्रियों और एयरलाइंस के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हूतियों ने दागे कई ड्रोन
न्यूज एजेंसी एपी के अनुसार, यमन के हूती आतंकवादी संगठन ने कई ड्रोन दागे। इजरायली सेना ने दावा किया कि अधिकांश ड्रोन हवाई क्षेत्र में दाखिल होने से पहले ही नष्ट कर दिए गए। हालांकि, एक ड्रोन रेमन एयरपोर्ट क्षेत्र तक पहुंच गया और हमले में दो लोग घायल हुए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मई में भी हो चुका है हमला
यह घटना पहली बार नहीं है। मई 2025 में भी हूतियों ने इजरायल के मुख्य हवाई अड्डे के पास मिसाइल दागी थी, जिसमें चार लोग घायल हुए थे। उस हमले के बाद कई अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस ने लंबे समय तक इजरायल के लिए उड़ानें निलंबित कर दी थीं। जवाबी कार्रवाई में इजरायल ने यमन की राजधानी सना के एयरपोर्ट पर हमला किया था।


