राजगीर (बिहार): हीरो एशिया कप 2025 (Hero Men’s Asia Cup Rajgir) के सुपर-4 मुकाबले की शुरुआत भारत ने रोमांचक अंदाज में की। लेकिन कड़ी टक्कर के बाद भारत और कोरिया के बीच खेला गया यह मैच 2-2 की बराबरी पर खत्म हुआ।
हार्दिक का शुरुआती गोल, कोरिया की वापसी
मुकाबले की शुरुआत में ही 8वें मिनट पर हार्दिक सिंह ने शानदार एकल प्रयास से गोल दागकर भारत को बढ़त दिलाई। लेकिन कोरिया ने तुरंत जवाब दिया। 12वें मिनट में जीहुन यांग ने पेनल्टी स्ट्रोक पर गोल कर मैच बराबरी पर ला दिया। इसके ठीक दो मिनट बाद ह्योनहोंग किम ने ड्रैग फ्लिक से कोरिया को 2-1 की बढ़त दिला दी।
दबाव बनाया, लेकिन गोल से चूके भारतीय खिलाड़ी
दूसरे और तीसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने गेंद पर कब्जा जमाए रखा, लेकिन गोल के सामने कोरिया की मजबूत डिफेंस ने उन्हें रोक दिया। कप्तान हरमनप्रीत सिंह, जर्मनप्रीत सिंह और अभिषेक को मौके मिले, लेकिन गोलकीपर और गलत निशाने ने निराश किया।
मंदीप ने बचाई लाज
आखिरकार 53वें मिनट में सुखजीत सिंह ने शानदार पास दिया और मंदीप सिंह ने खाली गोलपोस्ट में गेंद डालकर स्कोर 2-2 कर दिया। आखिरी पलों में दोनों टीमों को पेनल्टी कॉर्नर मिले, मगर कोई भी निर्णायक गोल नहीं कर सका।
अब मलेशिया से भिड़ेगा भारत
भारत का अगला मुकाबला गुरुवार शाम को मलेशिया से होगा। वहीं अन्य मैचों में जापान ने चीनी ताइपे को 2-0 से हराया और मलेशिया ने चीन को 2-0 से मात दी।


