SBI Officers Association (SBIOA), पटना के तत्वावधान में Swami Vivekananda की जयंती एवं राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर स्टेट बैंक के स्थानीय प्रधान कार्यालय स्थित कैंटीन में एक प्रेरणादायी संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वामी विवेकानंद के जीवन, विचारों और राष्ट्र-निर्माण में उनके योगदान पर विस्तृत चर्चा हुई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए SBIOA, पटना के महासचिव अमरेश विक्रमादित्य ने युवाओं से स्वामी विवेकानंद के आदर्शों से प्रेरणा लेकर उद्देश्यपूर्ण, नैतिक और ऊर्जावान जीवन अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि “उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक निरंतर आगे बढ़ो” का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्भीकता, पारदर्शिता, नैतिकता और सकारात्मक ऊर्जा के साथ कर्मठता—यही राष्ट्र और संस्था दोनों के समग्र विकास का मार्ग है।
इस अवसर पर संघ के अध्यक्ष अरिजीत बोस तथा State Bank of India, पटना मंडल के उप महाप्रबंधक एवं मंडल विकास अधिकारी देवेश मित्तल ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को आत्मसात कर समाज के उपेक्षित एवं वंचित वर्गों के उत्थान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
संगोष्ठी में लक्ष्मी नारायण पासवान, निकेश नंदन, प्रशांत कुमार मिश्रा, मुकेश कुमार, सीमा सिन्हा, संजीत सुमन सहित बड़ी संख्या में संघ के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।
सामाजिक दायित्व की मिसाल
कार्यक्रम के दौरान SBIOA, पटना द्वारा गरीब एवं अनाथ बच्चों की शिक्षा के लिए कार्यरत संस्था Maa Prema Foundation को सहयोग स्वरूप एक चेक प्रदान किया गया। फाउंडेशन की ओर से श्रीमती ज्योति ने उपस्थित होकर संघ के इस सामाजिक योगदान के लिए आभार व्यक्त किया।


