रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र में शनिवार शाम दर्दनाक हादसा हुआ। करम चौक के पास पुल के समीप एक तेज रफ्तार बोलेरो ने 2 साल की मासूम शालिनी लकड़ा को टक्कर मार दी। हादसे के बाद बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।
अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर
घटना के बाद बोलेरो चालक ने बच्ची को तुरंत सेवा सदन अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत बिगड़ती देख डॉक्टरों ने रानी चिल्ड्रेन अस्पताल रेफर कर दिया। मासूम का इलाज जारी है। घायल बच्ची पलामू जिले के सतबरवा की रहने वाली बताई जा रही है।
सड़क पर आक्रोश, जाम और नारेबाजी
हादसे की खबर फैलते ही स्थानीय लोग गुस्से में सड़क पर उतर आए। उन्होंने घटना स्थल पर जाम लगाकर टायर जलाए और जमकर नारेबाजी की। हालात बिगड़ते देख अरगोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और बातचीत कर रात करीब आठ बजे जाम हटवाया।
विधायक भी पहुंचे अस्पताल
हटिया विधायक नवीन जायसवाल ने अस्पताल जाकर बच्ची की हालत का जायजा लिया और डॉक्टरों से बेहतर इलाज सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने मौके पर मौजूद लोगों को शांत कराया।
हादसों का गढ़ बना मोड़
स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस जगह हादसा हुआ वहां सड़क 90 डिग्री मोड़ पर है। ढलान के कारण वाहन अक्सर तेज रफ्तार में आते हैं। सड़क पर स्पीड ब्रेकर नहीं होने और बीचों-बीच बिजली के पोल होने की वजह से इस स्थान पर लगातार दुर्घटनाएं होती रहती हैं।


