जमशेदपुर:आधी रात तंत्र विद्या के अंधविश्वास ने एक बार फिर खून की होली खेल दी। सोमवार देर रात संदीप कुमार नामक युवक ने अपने ही दोस्त अजय उर्फ झंटू (22) की बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी। यह घटना गोलमुरी थाना क्षेत्र के गाढ़ाबासा इलाके की है।
शराब पिलाकर दिया मौत का निमंत्रण
स्थानीय लोगों के अनुसार, संदीप तांत्रिक विद्या पर गहरा विश्वास करता था। सोमवार की रात उसने अपने दोस्त अजय को शराब पिलाई और जैसे ही घड़ी ने 12 बजाए, उसी वक्त चाकू जैसे धारदार हथियार (चापड़) से उसकी गर्दन रेत दी।
चीख सुनकर पहुंचे लोग, मौके पर ही दबोचा आरोपी
अजय की दर्दनाक चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। कमरे में उन्होंने खून से लथपथ अजय को देखा और तुरंत आरोपी संदीप को पकड़ लिया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं, घायल हालत में अजय को टीएमएच अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पिता की मौत के बाद परिवार चला रहा था अजय
जानकारी के मुताबिक, हाल ही में अजय के पिता का निधन हुआ था। इसके बाद परिवार की जिम्मेदारी उसी पर थी। वह गोलमुरी की एक पेंट की दुकान में काम करता था। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल चापड़ को घटनास्थल से बरामद कर लिया है।
पुलिस पूछताछ में जुटी
फिलहाल पुलिस आरोपी संदीप से पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हो रहा है कि हत्या तांत्रिक विद्या के अंधविश्वास में की गई। स्थानीय लोग इस घटना से सहमे हुए हैं।



