धनबादः झारखंड के धनबाद जिले में रविवार देर रात एक अनोखा मामला सामने आया। जिले के बरवाअड्डा नेशनल हाईवे पर असली और नकली किन्नरों के बीच भिड़ंत हो गई। दरअसल, असली किन्नरों ने एक ऐसे गिरोह को पकड़ा जो किन्नर का रूप धारण कर लोगों को ठगने का काम करता था।
8 युवक नकली किन्नर बनकर कर रहे थे ठगी
झारखंड प्रदेश किन्नर बोर्ड की जिला सदस्य श्वेता और उनकी टीम ने देर रात इन कथित नकली किन्नरों को रंगे हाथों पकड़ लिया। बताया गया कि गिरोह के सदस्य सामान्य युवक थे, जो किन्नर का वेश धारण कर लोगों से पैसे ऐंठते थे।
पिटाई के बाद पुलिस को सौंपे गए
घटना के दौरान पकड़े गए इन आठ युवकों की पहले तो पिटाई हुई, जिसके बाद उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया। इससे पहले पश्चिम बंगाल के आसनसोल में भी ट्रेन से नकली किन्नरों को पकड़े जाने का मामला सामने आया था।
असली किन्नरों की नाराजगी
श्वेता ने पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि नकली किन्नरों की हरकतों से असली किन्नरों की छवि खराब हो रही है। असली किन्नर समाज में सम्मान के साथ जीना चाहते हैं, लेकिन ऐसे गिरोह उनकी प्रतिष्ठा को धूमिल कर रहे हैं।


