दीवार फांदकर नाले में कूदा ममता बनर्जी का MLA, ED रेड में बरामद हुआ फोन और फिर गिरफ्तारी

पश्चिम बंगाल में स्कूल भर्ती घोटाले की जांच के दौरान TMC विधायक जीवन कृष्ण साहा को ईडी ने किया गिरफ्तार।

Tmc Mla Jiban Krishna Saha Arrested Ed Raid West Bengal
Tmc Mla Jiban Krishna Saha Arrested Ed Raid West Bengal (PC: BBN24/Social Media)

पश्चिम बंगाल की राजनीति में सोमवार को बड़ा ड्रामा देखने को मिला। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शिक्षक भर्ती घोटाले की जांच के तहत तृणमूल कांग्रेस (TMC) के विधायक जीवन कृष्ण साहा के घर पर छापेमारी की। इस दौरान विधायक ने दीवार फांदकर भागने की कोशिश की और यहां तक कि अपना मोबाइल फोन पीछे के नाले में फेंक दिया। लेकिन ईडी और सीआरपीएफ (CRPF) की टीम ने उन्हें पकड़ लिया और बाद में फोन भी बरामद कर लिया।

भीगते हुए विधायक का वीडियो वायरल

छापेमारी के दौरान सामने आए वीडियो और तस्वीरों में जीवन कृष्ण साहा को भीगते हुए देखा गया। ईडी और सीआरपीएफ अधिकारी उन्हें चारों ओर पेड़-पौधों और कचरे से भरे इलाके से बाहर ले जा रहे थे। सूत्रों के मुताबिक, उन्हें धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत एजेंसी से सहयोग न करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।

रिश्तेदारों और सहयोगियों पर भी रेड

ईडी ने साहा के रिश्तेदारों और सहयोगियों के घरों पर भी छापेमारी की। गौरतलब है कि इससे पहले 2023 में सीबीआई (CBI) ने भी उन्हें इस घोटाले में गिरफ्तार किया था, हालांकि बाद में उन्हें जमानत मिल गई थी। ईडी की जांच सीबीआई द्वारा दर्ज एफआईआर से जुड़ी है, जिसमें पश्चिम बंगाल में शिक्षकों और कर्मचारियों की भर्ती में कथित अनियमितताओं की जांच हो रही है।

पहले भी हो चुकी हैं बड़ी गिरफ्तारियां

इस मामले में पहले ही कई बड़े नाम जेल की हवा खा चुके हैं। इसमें पश्चिम बंगाल के पूर्व शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी, उनकी करीबी अर्पिता मुखर्जी, टीएमसी विधायक और पश्चिम बंगाल प्राथमिक शिक्षा बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष माणिक भट्टाचार्य शामिल हैं। ईडी अब तक इस केस में चार आरोपपत्र दाखिल कर चुकी है।

Share This Article
Exit mobile version