Rahul Gandhi Attack PM Modi: प्रधानमंत्री Narendra Modi की बचत और खर्च कम करने की अपील पर कांग्रेस नेता Rahul Gandhi ने तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी ने कहा कि यह सलाह नहीं, बल्कि सरकार की नाकामी का सबूत है।
राहुल गांधी ने क्या कहा?
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जनता से त्याग मांग रहे हैं। उन्होंने लिखा कि “सोना मत खरीदो, विदेश मत जाओ, पेट्रोल कम जलाओ, खाद और खाने का तेल कम करो, मेट्रो में चलो और घर से काम करो।”
राहुल गांधी ने कहा कि 12 साल के शासन के बाद सरकार देश को ऐसी स्थिति में ले आई है जहां लोगों को बताया जा रहा है कि क्या खरीदना है और क्या नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री हर बार जिम्मेदारी जनता पर डालकर खुद जवाबदेही से बच निकलते हैं।
‘देश चलाना अब बस की बात नहीं’
राहुल गांधी ने अपने बयान में कहा कि अब देश चलाना “कॉम्प्रोमाइज्ड प्रधानमंत्री” के बस की बात नहीं रह गया है। उन्होंने दावा किया कि सरकार आर्थिक चुनौतियों से निपटने में विफल रही है और अब जनता से ही त्याग की उम्मीद की जा रही है।
खरगे ने भी साधा निशाना
Mallikarjun Kharge ने भी प्रधानमंत्री मोदी पर हमला बोला। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि जब जनता पहले से महंगाई और आर्थिक दबाव झेल रही है, तब सरकार बचत का पाठ पढ़ा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने के बाद कांग्रेस ने पहले ही इसके आर्थिक असर को लेकर चेतावनी दी थी, लेकिन सरकार चुनाव प्रचार में व्यस्त रही।
पीएम मोदी ने क्या अपील की थी?
प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में देशवासियों से विदेशी मुद्रा बचाने के लिए एक साल तक गैर-जरूरी सोना खरीदने से बचने, विदेश यात्राएं कम करने और ईंधन की खपत घटाने की अपील की थी। उन्होंने वर्क फ्रॉम होम, मेट्रो और कारपूलिंग को बढ़ावा देने की भी सलाह दी थी।
राजनीतिक बयानबाजी तेज
ईरान-अमेरिका तनाव और बढ़ती तेल कीमतों के बीच सरकार और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। कांग्रेस जहां इसे सरकार की आर्थिक विफलता बता रही है, वहीं बीजेपी इसे राष्ट्रीय हित में उठाया गया जरूरी कदम बता रही है।

